रिटायर्ड फौजी ने दी प्राण त्यागने की चेतावनी
बड़ौत : वाजिदपुर गांव के रिटायर्ड फौजी सुभाषचंद कश्यप की मांग है कि शहर के बीचो-बीच स्थित घनश्याम गंज
बड़ौत : वाजिदपुर गांव के रिटायर्ड फौजी सुभाषचंद कश्यप की मांग है कि शहर के बीचो-बीच स्थित घनश्याम गंज मंडी को नवीन मंडी में स्थानांतरित की जाए। उधर, बड़े वाहनों की दिन में नो-एंट्री की जाए, रेलवे स्टेशन के पास व अन्य जगहों पर बने अवैध वाहन स्टैंड हटाए जाएं, सड़कों के बीच बनी अवैध पार्किंग हटाई जाए और मार्गों से अतिक्रमण हटाया जाए। सबसे बड़ी समस्या मंडी स्थानांतरित की है। उनका कहना है कि मंडी में आने वाले वाहनों के कारण मार्ग पर भीषण जाम लगता है। स्कूलों की छुट्टी और खुलने के समय बच्चे जाम में फंस जाते हैं। उन्होंने मंगलवार को ऐलान कर दिया कि वह बुधवार से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर देंगे। प्रशासन की लापरवाही का खामियाजा जनता को नहीं भुगतने दिया जाएगा, भले ही उन्हें भूखे रहकर प्राण ही क्यों नहीं त्यागने पड़े। सुभाष चंद ने बताया कि सोमवार रात्रि आधा दर्जन युवकों ने हमले का प्रयास किया। विरोध करने पर युवक उनका बैनर उतार ले गए। सुभाष ने आशंका जताई कि बड़े व्यापारी उनकी हत्या भी करा सकते हैं। एसडीएम यशवर्धन श्रीवास्तव का कहना है कि उन्होंने मंडी समिति के सचिव को रिटायर्ड फौजी से वार्ता करने के लिए भेजा है। जायज मांगें मान ली जाएंगी।