ग्राम सचिव ने 'गलत' व्यक्ति को ही बना दिया उपप्रधान!
जागरण संवाददाता, बागपत : नौरोजपुर गुर्जर के ग्राम सचिव ने मिलते-जुलते नाम पर बड़ा खेल कर दिया। उप प्र
जागरण संवाददाता, बागपत : नौरोजपुर गुर्जर के ग्राम सचिव ने मिलते-जुलते नाम पर बड़ा खेल कर दिया। उप प्रधान पद के लिए सदस्यों ने जिस नाम पर सहमति जताई थी, उसके बजाए उसी से मिलते-जुलते अन्य व्यक्ति को उपप्रधान बना दिया। पता चलने पर सदस्यों ने डीएम से शिकायत की है।
नौरोजपुर ग्राम पंचायत के वार्ड एक, चार, पांच, 12, 2, तीन, चार, सात, नौ, 10, 15, छह के सदस्यों ने डीएम धनलक्ष्मी के. को बताया कि उनके गांव का प्रधान हत्या केस में निरुद्ध होने के कारण वहां प्रधान पद रिक्त है। ऐसे में ग्राम पंचायत सदस्यों ने उप प्रधान पद के नियुक्ति का प्रस्ताव किया। बहुमत के आधार पर सदस्यों ने वार्ड नंबर छह के राजवीर सिंह पुत्र सूरत सिंह को इस पद के लिए सहमति जताई। इस प्रस्ताव पर डीएम ने राजवीर सिंह को उपप्रधान घोषित कर दिया। सदस्यों ने बताया कि इसी बीच ग्राम सचिव ने खेल कर दिया। राजवीर सिंह पुत्र सूरत सिंह के बजाए वार्ड नं. 13 के निवासी राजवीर सिंह पुत्र बालेराम को उप प्रधान पद का नियुक्ति पत्र दिलवा दिया। सदस्यों का आरोप है कि जब उन्होंने पुत्र सूरत सिंह के नाम पर शपथ पत्र दाखिल किया था, तो ऐसी हेराफेरी कैसे कर दी गई। सदस्यों ने उप प्रधान पद पर राजवीर सिंह पुत्र सूरत सिंह को नियुक्त करने की मांग की और फर्जी नियुक्ति पत्र दिलाने वाले ग्राम सचिव पर कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर शशि, अनीता, जयप्रकाश, मांगेराम, जितेंद्र, विनोद कुमार, राजवीर सिंह, मनोज आदि उपस्थित थे।