बड़ौत में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे युवा
जागरण संवाददाता, बड़ौत : उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए जिले के सैकड़ों युवा बड़ौ
जागरण संवाददाता, बड़ौत : उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए जिले के सैकड़ों युवा बड़ौत तहसील में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक भर्ती की सीबीआई जांच नहीं हो जाती है, वे आंदोलन समाप्त नहीं करेंगे।
युवाओं का नेतृत्व कर रहे पुनीत मलिक ने कहा कि पुलिस भर्ती में भारी अनियमितताएं बरती गई हैं। युवाओं के साथ धोखा कर भर्ती को अमलीजामा पहना दिया गया है। हजारों युवा पात्र होते हुए भी भर्ती से बाहर निकाल दिए गए। आरोप है, एटा, मैनपुरी व आगरा मंडल के कई जिलों के हजारों युवाओं को भर्ती कर लिया गया, जबकि वे पात्र नहीं थे। अच्छे अंक हासिल करने के बाद भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के युवाओं को भर्ती नहीं किया गया।
युवाओं को समझाने के लिए सीओ सीपी सिंह व कोतवाल राजेश कुमार वर्मा भी पहुंचे। उन्हें आश्वासन दिया कि उच्चाधिकारियों को उनके विरोध से अवगत करा दिया जाएगा, परंतु बात न बन सकी। उन्होंने चेतावनी दी है, जब तक भर्ती की सीबीआई जांच नहीं हो जाती है, वह आंदोलन समाप्त नहीं करेंगे। इस मौके पर कपिल तोमर, आकाश, रोहित, हरीश दांगी, मोनू तोमर, कालू, राहुल, सुमित, प्रदीप, मोहित आदि शामिल थे।