बड़ागांव में बढ़ी प्रशासनिक अधिकारियों की आवाजाही
जागरण संवाददाता, खेकड़ा : जैसे-जैसे रावण उर्फ बड़ागांव स्थित त्रिलोकतीर्थ धाम के पंचकल्याणक महोत्सव का
जागरण संवाददाता, खेकड़ा : जैसे-जैसे रावण उर्फ बड़ागांव स्थित त्रिलोकतीर्थ धाम के पंचकल्याणक महोत्सव का दिन नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे प्रशासनिक अधिकारियों की आवाजाही बढ़ रही है। सुबह से लेकर रात्रि तक अधिकारी समारोह की तैयारी और व्यवस्था की जानकारी ले रहे हैं। महोत्सव समिति के पदाधिकारी भी लगातार बैठक कर हर चीज पर नजर रखे हुए हैं।
17 फरवरी से शुरू होकर 25 फरवरी तक चलने वाले पंचकल्याणक महोत्सव को सफल बनाने में समिति के पदाधिकारी व सदस्य रात-दिन जुटे हैं। कार्यकर्ताओं को अलग अलग जिम्मेदारी सौंपी गई है।
धाम में स्थापित होगी 3600 जिन प्रतिमाएं
मेला मंत्री प्रमोद जैन ने बताया, त्रिलोक तीर्थ धाम में 3600 जिन प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी, जिनका पंच कल्याणक एक साथ मंत्रों व विधि विधान के साथ संपन्न होगा।
500 मीटर दूर होगी पार्किंग व्यवस्था
मीडिया प्रभारी श्यामलाल जैन, त्रिलोक चंद जैन व प्रमोद जैन आदि ने बताया, बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग के लिए धाम से करीब 500 मीटर की दूरी पर करीब बीस बीघा खेत किराए पर लिया गया है, जिसकी चारदीवारी कराने का काम चल रहा है।
देश विदेश से आएंगे श्रद्धालु
वैसे तो देश के कोने-कोने से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पंचकल्याणक में शामिल होंगे, लेकिन अमेरिका, दुबई, जर्मनी, नेपाल, कनाडा आदि देशों से भी अनेक श्रद्धालु आएंगे।
हेलीकॉप्टर से होगी पुष्प वर्षा
भगवान के जन्म कल्याणक व पांडुक शिला अभिषेक के समय हेलीकाप्टर से पुष्प वर्षा की जाएगी। आयोजकों ने बताया, हेलीकाप्टर की अनुमति प्राप्त हो गई है और हेलीपैड का निर्माण भी तेज गति से चल रहा है।
महोत्सव में होंगे 108 पिच्छी के दर्शन
पंचकल्याणक महोत्सव में सभी स्तर के संतों का मंगल प्रवेश हो रहा है। मीडिया प्रभारी ने बताया, महोत्सव में जैन संतों में आचार्य, मुनि, उपाध्याय, ऐलक, क्षुल्लक, आर्यिका समेत 108 पिच्छी के दर्शन श्रद्धालुओं को होंगे।
व्यवस्था को बनेंगे 24 पांडाल
महोत्सव के दौरान बड़ागांव में एक मेले जैसा वातावरण होगा। इसके लिए धाम परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए करीब दो दर्जन से अधिक पांडाल बनाए जाएंगे। इनमें कलश आवंटन, भोजन व्यवस्था, साधु आहार व्यवस्था, वीआईपी आवास, संत आवास, श्रद्धालु आवास, मंच व पांडाल व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, पूजन सामग्री समेत सूचना व संपर्क विभाग भी स्थापित किया जाएगा।