सिसौली में छिपा है एक लाख का इनामी प्रमोद!
जागरण संवाददाता, बागपत : गांगनौली मुठभेड़ के बाद एक लाख के इनामी कुख्यात प्रमोद ने अपना ठिकाना मुजफ्फ
जागरण संवाददाता, बागपत : गांगनौली मुठभेड़ के बाद एक लाख के इनामी कुख्यात प्रमोद ने अपना ठिकाना मुजफ्फरनगर जनपद के सिसौली गांव में बना लिया है। अपने गिरोह के साथ उसने वहां डेरा जमा लिया है। पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रेस की है। संभावना है, रविवार को बागपत पुलिस सिसौली गांव को घेरगी।
19 जनवरी को मुठभेड़ में सिसौली गांव का प्रवीण उर्फ भगत मारा गया था। प्रमोद गिरोह का मुख्य सदस्य भगत कई बार प्रमोद व उसके साथियों को अपने गांव में 'भ्रमण' भी करा चुका था। सूत्रों के मुताबिक, भगत के मारे जाने के बाद प्रमोद काफी क्षुब्ध है और उसने उसी के गांव को अब अपना सुरक्षित ठिकाना मान लिया है। सूत्रों की मानें तो अपने लाव-लश्कर समेत वह सिसौली में शरण ले चुका है। चर्चा तो यहां तक है कि कुछ लोग उसे खाना आदि पहुंचा रहे हैं और 12 हजारी इनामी परमवीर उसका खर्च वहन कर रहा है। परमवीर के भी उसी के साथ होने की सूचना है।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रेस कर ली है। उसके एक साथी को कुछ लोगों ने सिसौली में देखा भी है। हालांकि पुलिस अभी इस बारे में कुछ भी जानकारी देने से कतरा रही है।
इन्होंने कहा..
अभी प्रमोद के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का प्रयास है कि उसे जल्द से जल्द दबोच लिया जाए।
जेके शाही, एसपी-बागपत।