जापानी शिक्षकों से रूबरू हुए एसपीसी के विद्यार्थी
बागपत : नगर के सम्राट पृथ्वीराज पीजी कालेज में शनिवार को करंट इन्वायरमेंटल इश्यू पर अंतरराष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन हुआ। इसमें जापान के नारा वुमेन विश्वविद्यालय, टोक्यो विश्वविद्यालय और दिल्ली विश्वविद्यालय से आयी दस सदस्यीय टीम ने छात्र-छात्राओं को ग्लोबल वार्मिग में मीथेन गैस की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्जवलित कर किया गया। इसके पश्चात टोक्यो विश्वविद्यालय के प्रोफेसर आर इमाशू ने छात्र-छात्राओं को प्रोजेक्टर के माध्यम से समझाया। उन्होंने बताया कि धान की फसल से सबसे ज्यादा मीथेन गैस निकलती है। मीथेन गैस से पर्यावरण और मानव जीवन पर पड़ते प्रभाव, उससे बचाव और मीथेन गैस का किस तरह सदुपयोग कर सकते हैं इसकी विस्तृत जानकारी दी।
दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डा. एसके ढाका और नारा विश्वविद्यालय की प्रोफेसर डा. एस. हयाशिदा ने भी छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन किया। छात्र-छात्राओं ने भी जापानी दल से मीथेन गैस पर सवाल पूछे। संयोजक प्राचार्य डा.अनिल कुमार और जेवी कालेज के डा. प्रताप चौधरी ने अतिथियों का परिचय कराया। जापान से आए दल में डा. ताकेउची, डा. तैराब, डा. कुरूमाता, डा. नोमूरा, डा. हिरोमी और डा. ऐटो आदि शामिल थे। कार्यक्रम का संचालन डा. अरविंद वर्मा और डा. अनुपमा ने किया। इस मौके पर उपाध्यक्ष कुंवर अशोक चौहान, कोषाध्यक्ष सत्यपाल सिंह, डा. मौजपाल, डा. नरेंद्र सिंह, डा. साधना तोमर, डा. लोकेंद्र सिंह, डा. पूर्वन्द्र कुमार, डा. ओमवती, डा. राजलक्ष्मी, डा. बबली, डा. सुरेश और डा. शीतल पांडेय आदि मौजूद थे।