बड़ौत में 13 घंटे बिजली गुल, लोग परेशान
बागपत : ऊर्जा निगम के कर्मचारियों की लापरवाही के चलते नगर शुक्रवार को अंधेरे में डूबा रहा। नगरवासियों को पूरे 13 घंटे अघोषित विद्युत कटौती से जूझना पड़ा। इससे लोगों में जबरदस्त रोष व्याप्त है।
नगरीय क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था भगवान भरोसे चल रही है। नगरवासियों को निर्धारित शेड्यूल के मुताबिक विद्युत सप्लाई नहीं मिल पा रही है। ओवरलोड मशीनों और जर्जर तारों से स्थिति बदतर बनी हुई है। निगम के कर्मचारी दिन के समय होने वाले फाल्टों को दुरुस्त कर देते हैं मगर रात्रि में होने वाले फाल्टों को दूर करने की जहमत नहीं उठाते। कर्मचारियों की इसी कार्यशैली के चलते शुक्रवार रात्रि 10.30 बजे हुए फाल्ट को शनिवार सवेरे 11.30 बजे तक ठीक किया गया। इसके चलते नगरवासियों को 13 घंटे बिना बिजली गुजारने पड़े। बिजली न होने से नगरवासियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। इस संबंध में जेई अरशद अली ने बताया कि रात्रि में दिल्ली रोड पर फाल्ट हो गया था, जिसे सही कर दिया गया है। रात्रि में फाल्ट को ट्रेस करना मुश्किल था।