दिनदहाड़े लाखों के जेवरात लूटे
बागपत: हाइवे पर तहसील के पास दिन दहाडे़ बाइक सवार दो बदमाशों ने बाइक सवार दो महिलाओं व पुरुष से लाखों के जेवरात लूट लिए। घटना को अंजाम देकर बदमाश बागपत की ओर भाग गए। सूचना के करीब तीन घंटे बाद पुलिस हरकत में आई, लेकिन बदमाशों का कोई पता नहीं चला।
लूट की यह घटना रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे की है। गाजियाबाद जनपद के मंडोला निवासी गुलशन पुत्र कन्हैया लाल अपनी पत्नी अलका और बहन पूजा को लेकर बाइक से हरियाणा के ताजपुर गांव की ओर जा रहे था। जैसे ही बाइक सवार तीनों लोग हाइवे पर पाठशाला पुलिस चौकी को पार कर तहसील गेट के पास पहुंचे तो पीछे से काले रंग की बाइक पर सवार हेलमेट लगाए दो बदमाशों ने ओवरटेक कर उनको रोक लिया और अलका व पूजा से मंगल सूत्र, चेन, एक जोड़ी कुंडल, अंगूठी आदि जेवरात लूट लिए। बदमाश गुलशन को जान से मारने की धमकी देकर बागपत की ओर फरार हो गए। पीड़ितों ने करीब पांच तोले सोने के आभूषण लुटने की बात कही है।
नदारद मिले पुलिस कर्मी
घटना के बाद पीड़ितों ने वापस पुलिस चौकी पहुंच कर जानकारी देनी चाही, लेकिन उनको चौकी पर कोई नहीं मिला। वे सीधे घर मंडोला पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पीडि़त सपा नेता आरडी त्यागी को लेकर डूंडाहेड़ा पुलिस चौकी पहुंचे, जहां उन्होंने लूट की जानकारी दी। घटनास्थल पाठशाला चौकी होने से वे वहीं पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप
हाइवे पर दिनदहाडे़ हुई लूट की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वायरलेस से सूचना फ्लैश की गई। इसके बाद ही पुलिस हरकत में आई और कांबिंग की। गुलशन ने थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है।
इन्होंने कहा..
पीड़ितों ने घटना के घंटो बाद पुलिस को सूचना दी। सूचना पाते ही पुलिस ने बदमाशों का पता लगाने का प्रयास किया, मगर सफलता नहीं मिली। पीडि़त घटनास्थल की सही जानकारी नहीं दे पा रहे हैं, फिर भी तहरीर लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
भोजराज सिंह पुण्डीर, प्रभारी निरीक्षक थाना खेकड़ा।