गन्ना भुगतान को लेकर भाकियू ने किया चक्का जाम
बागपत : गन्ना भुगतान की मांग को लेकर भाकियू ने गुरुवार को जनपद के विभिन्न मार्गो पर चक्का जाम किया। मुख्यालय के मुख्य चौराहे राष्ट्र वंदना चौक समेत जनपद के कई स्थलों पर जाम लगाया। हालांकि जाम का मिला-जुला असर रहा।
दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे स्थित राष्ट्र वंदना चौक पर भाकियू ने सुबह 10 बजे चक्का जाम किया। चक्का जाम के लिए चौराहे के चारों ओर ट्रैक्टर ट्रॉली, ट्रक व अन्य वाहन खड़े कर दिए गए। रस्सियां लगाकर कार्यकर्ता वहीं बैठ गए। जाम में सहयोग के लिए रालोद के कुछ कार्यकर्ता भी वहां उपस्थित रहे। जाम पर नजर रखने के लिए सीओ एनपी सिंह फोर्स समेत जमे रहे। जाम की वजह से कई वाहन फंसे रहे, हालांकि तमाम वाहन वैकल्पिक रास्तों से निकलते रहे। इस तरह से जाम का मिला-जुला असर कहा जा सकता है। यहां जाम की अगुवाई भाकियू के जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह गुर्जर ने किया। जाम डेढ़ बजे खोला गया। इससे पूर्व भाकियू ने गन्ना मूल्य का भुगतान शीघ्र कराने की मांग का मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम नरेंद्र सिंह को सौंपा।