1.50 लाख श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
बागपत, बालैनी : परशुरामेश्वर महादेव मंदिर पर बुधवार से तीन दिवसीय कांवड़ मेला शुरू हो गया। पहले दिन श्रद्धालुओं व कांवड़ियों को मिलाकर करीब डेढ़ लाख लोगों ने शिव लिंग पर जलाभिषेक किया। मेले के दौरान अधिकारियों, पुलिस व अर्द्धसैनिक बल मुस्तैद रहे।
ऐतिहासिक परशुरामेश्वर महादेव मंदिर पर श्रावण माह में लगने वाला तीन दिवसीय कांवड़ मेला बोल बम के जयकारों के बीच शुरू हो गया। मेला शुरू होते ही पूरा परिसर बम भोले के नाद से गुजायमान हो उठा। परिसर केसरिया रंग में रंग गया। हर तरफ श्रद्धालुओं, कांवडि़यों का रैला मंदिर की ओर बढ़ता दिखाई दिया। दुकानों व भंडारा स्थलों पर बजता भक्तिमय संगीत भोले की नगरी में तब्दील कर रहा था। प्रशासनिक अधिकारी व पुलिस फोर्स शांति व्यवस्था बनाने में लगे रहे। जलाभिषेक सुबह से ही शुरू हो गया था, इसलिए सभी श्रद्धालुओं व कांवडि़यों को बैरीकेडिंग की व्यवस्था से जाने दिया गया। इस दौरान मंदिर व विभिन्न स्थानों पर अर्द्धसैनिक बल तैनात रहे। सीसीटीवी कैमरे पर लगातार निगरानी की जा रही थी। श्रद्धालुओं ने दुकानों पर खरीदारी भी की। सुबह से शुरू हुआ श्रद्धालुओं का सैलाब देर शाम तक डेढ़ लाख की भीड़ में तब्दील हो गया।