किसान और अधिकारियों के बीच वार्ता सफल रही
बागपत : उत्तर प्रदेश व हरियाणा के बीच छपरौली में बनाए जाने वाले यमुना पुल को लेकर किसानों और अधिकारियों की वार्ता सफल हो गई। किसानों की भूमि का बैनामा कराया जाएगा, इस पर किसानों ने सहमति दे दी है। उम्मीद है कि जल्द ही पुल निर्माण प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
गुरुवार को पुल निर्माण के सेतु प्रबंधक वीके गुप्ता, मैनेजर सतीश कुमार, एसडीएम राजेंद्र सिंह व लोनिवि एक्सईएन सौरभ ने नांगल व कुरड़ी गांव के किसानों से वार्ता की। पुल तक पहुंचने के लिए करीब 1840 मीटर की सड़क बनेगी, जिसमें से 500 मीटर लंबाई व 50 फिट चौड़ाई में जमीन की आवश्यकता होगी। अधिकारियों ने भूमि देने के लिए किसानों से कई घंटे तक वार्ता की। बाद में किसानों ने सहमति दी गई कि वे भूमि देने को तैयार हैं। सहमति हुई कि भूमि का बैनामा कराया जाएगा।
वार्ता के बाद सेतु प्रबंधक ने मिट्टी व पत्थर आदि के लिए भी सर्वे किया। उन्होंने बताया कि पुल निर्माण के लिए कवायद शुरू हो गई है। हरियाणा सरकार से भी बात की जा रही है। उम्मीद है कि शीघ्र ही पुल निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। इस मौके पर नांगल ग्राम प्रधान मुकेश, रणवीर, तरसपाल, सतेंद्र, देवेंद्र, ओमवीर, अभिषेक आदि किसान शामिल थे।