'वेदमार्ग पर चलने से मिलेगी सुख-शांति'
बागपत : आर्य समाज के वेद प्रचार सप्ताह के पांचवें दिन आयोजित यज्ञ में श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रों के साथ आहुति दी। वैदिक विद्वानों ने कहा कि वेदमार्ग पर चलकर ही देश व समाज उन्नति कर सकता है और सुख शांति प्राप्त हो सकती है।
यज्ञ के बाद वेदोपदेश करते हुए आर्य विद्वान मास्टर सत्यप्रकाश गौड़ ने कहा कि देश ने आशातीत उन्नति तो की, लेकिन मानव की मानव से दूरी बढ़ रही है। आज मानव ने मानवता तो खो दिया है। आपसी प्रेम भाव, भाईचारा समाप्त हो गया, राग, द्वेष, ईष्र्या घर करती जा रही है। अपने, अपनों से दूर हो रहे हैं।
भौतिकवाद में फंसकर आपसी रिश्ते समाप्त हो रहे हैं। कहा कि यदि फिर से रामराज्य लाना है तो वेद की शिक्षाओं का अनुसरण करना होगा। समारोह में आर्य भजनोपदेशक बेगराज महाशय, आर्य प्रचारिका सरस्वती देवी ने भजन प्रस्तुत किए। इस मौके पर वैदिक साहित्य का वितरण किया गया। यजमान के रूप में सुनील देव त्यागी व हेमलता त्यागी, अनिल देव त्यागी व कल्पना त्यागी रहे। इस मौके पर सुभाष, नरेश, प्रदीप, राजेश, जसवंत, प्रकाश चंद, तिलकराम, आनंद कुमार, राकेश मोहन गर्ग, राकेश आर्य आदि श्रद्धालु शामिल रहे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर