प्रदेश व देश में चमका मलकपुर का नाम
बड़ौत (बागपत) : मलकपुर गांव के मल्लों ने अपनी लगन व मेहनत की बदौलत एक के बाद एक खिताब हासिल कर गांव का नाम प्रदेश व देश स्तर पर रोशन किया है। यह पहला मौका नहीं है, जब मलकपुर की मल्ल को यश भारती अवार्ड मिला। महिला मल्ल अंशु तोमर से पहले यहां के तीन मल्लों को यश भारती पुरस्कार व अर्जुन अवार्ड मिल चुका है। गांव में सबसे पहले अवार्ड की शुरुआत सुभाष पहलवान ने की थी। पहलवान सुभाष तोमर को 1987 में अर्जुन अवार्ड मिला था, उस समय बागपत जिला मेरठ जनपद का हिस्सा था। सुभाष पहलवान के नाम ही जिले का पहला यशभारती पुरस्कार रहा है। इसके बाद पुरस्कार की कड़ी को मल्ल शोकेंद्र तोमर व राजीव तोमर ने आगे बढ़ाते हुए यश भारती व अर्जुन अवार्ड प्राप्त गांव का नाम रोशन किया। इसी कड़ी में महिला मल्ल अंशु तोमर ने भी यश भारती पुरस्कार प्राप्त कर गांव के पहलवानों का हौसला बढ़ाया है। गांव में चार यश भारती व तीन अर्जुन अवार्ड अखाड़ों में दांव पेंच सीखने वाले गांव व जिले के पहलवानों के लिए तरक्की की राह दिखाने में मददगार साबित होगा।
----
गांव व जिले के लिए अंशु तोमर को यश भारती पुरस्कार मिलना गौरव की बात है। गांव के पहलवानों को इससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
सुभाष पहलवान, अर्जुन अवार्डी, मलकपुर।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर