अब ट्रेनों में अवैध वसूली हुई तो नपेंगे पुलिसकर्मी
जासं, बदायूं : ट्रेनों के अंदर पुलिस कर्मियों और वर्दीधारी लोगों के ओर से अवैध वसूली की सूचनाओं पर शासन गंभीर हो गया है। शासन ने माना है कि ट्रेनों में पुलिसकर्मी अवैध वसूली करते हैं। इसकी रोकथाम के लिए सिटीजन आई व्यवस्था लागू की गई है, जिसके द्वारा आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ट्रेनों में कुछ जीआरपी और पुलिसकर्मियों की आए दिन ट्रेन में लूटपाट और अवैध वसूली की सूचनाएं प्रकाश में आती हैं। इसके अलावा कुछ असामाजिक तत्व अन्य घटनाओं को भी अंजाम देते हैं। इन घटनाओं पर रोकथाम के लिए अपर पुलिस महानिदेशक जीआरपी वीरेंद्र कुमार ने सिटीजन आई सेवा चालू करने के आदेश दिए हैं। इस सेवा के तहत 9454458064 पर वाट्स अप से कोई भी यात्री वीडियो बनाकर भेज सकता है। इसके भेजते ही संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा अपनी अन्य शिकायतें दर्ज कराने के लिए शासन ने राजकीय रेलवे के नियंत्रण कक्ष के नंबर 0522-1332, 0522-2288104, 9919099190, 9454402544 संचालित किए हैं। इन नंबरों पर किसी भी वक्त शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शासनादेश से सभी संबंधित अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।