नीतू के हत्यारोपियों को नहीं गिरफ्तार कर रही पुलिस
जासं, बदायूं : सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में बीते दिनों दहेज की खातिर महिला कलेक्ट्रेट कर्मी की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस केस में हत्यारोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जबकि अन्य आरोपी अभी गिरफ्तार नहीं किए गए हैं। मृतका के पिता ने अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने की एसएसपी से मांग की है।
शहर के मुहल्ला मुहल्ला नेकपुर निवासी रिटायर्ड कलेक्ट्रेट कर्मी बलबंत राम की पुत्री नीतू जो कलेक्ट्रेट के रिकार्डरूम में तैनात थी। 4 जुलाई को उसके पति छोटेलाल ने अपने परिजनों के साथ शहर के आदर्श नगर स्थित मकान में नीतू को जलाकर मार डाला था। सूचना पर पहुंचे बलबंत को लाश आंगन में पड़ी मिली थी। इस मामले में बलबंत ने पति समेत छह ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने अभी तक हत्यारोपी पति को ही गिरफ्तार कर जेल भेजा है। बाकी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। बलवंत राम का आरोप है कि हत्यारोपी उसपर फैसला करने को दबाव बना रहे हैं। पुलिस किसी को भी गिरफ्तार नहीं कर रही। बलवंत राम ने एसएसपी से शिकायत कर गिरफ्तारी की मांग की है।