उप चुनाव में जीत पर सपाइयों ने मनाया जश्न
बदायूं : समाजवादी सरकार को उप चुनाव में मिली सफलता से जश्न मनाया गया। अलग-अलग स्थानों पर मिठाइयां बांटकर सपाइयों ने हर्ष का इजहार किया।
दर्जा राज्यमंत्री आबिद रजा ने कहा है कि भाजपा की 100 दिन की सरकार एक पानी का बुलबुला साबित हुई है। भाजपा ने लोकसभा चुनाव के दौरान जो वादे किए थे, उन्हें पूरा नहीं किया गया है, इससे जनता में पार्टी की पोल खुल गई है। जनता यह समझ गई कि उसका मान सम्मान सिर्फ सपा में ही सुरक्षित है। आबिद ने अपने कैंप कार्यालय पर मिष्ठान वितरण किया।इसके बाद कार्यकर्ताओं ने जालंधरी सराय, मढ़ई चौक, साहूकारा, पथिक चौक, रजी चौक, घंटाघर छह सड़का, चौधरी सराय, जालंधरी सराय, नई सराय आदि स्थानों से ढोल नगाड़ों के साथ जुलूस निकाला। जश्न मनाने वालों में ओमेंद्र यादव, विवेक यादव, दिनेश यादव, हबीब खां, सरताज खां, ग्रीश शुक्ला, सपा अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश सचिव मोतशाम सिद्दीकी, अहमद अली, मोहम्मद मियां, नाजिम, अकील इस्माइल, मोहम्मद आजाद, मुन्ने कश्यप आदि थे।
डीसीबी चेयरमैन ब्रजेश यादव ने सहसवान क्षेत्र में और शैलेश पाठक ने मिष्ठान वितरण किया। सपा यूथ बिग्रेड के विधानसभा अध्यक्ष रिजवान खां ने आतिशबाजी छोड़कर खुशी का इजहार किया। सिविल लाइन के व्यापारी नेता नवनीत गुप्ता शोन्टू ने व्यापारियों के साथ मिलकर ढोल नगाड़ों के बीच आतिशबाजी करते हुए मिष्ठान वितरित किया।
बगरैन : सूबे में हुए उप चुनाव के घोषित रिजल्ट में सपा को 11 में से आठ सीट मिलने पर सपा कार्यकर्ताओं ने मिठाई बाटकर ख़ुशी का इजहार किया।
वजीरगंज : उप चुनाव में सपा की सर्वाधिक सीट निकलने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने मिठाई बाटकर व आतिशबाजी छोड़कर जश्न मनाया।