हतरा गाव में पकड़ी गौकशी
बदायूं, वजीरगंज : हतरा गाव में पुलिस ने छापा मारकर एक घर में चल रहे अवैध स्लाटर हाउस का भंडाफोड़ किया
बदायूं, वजीरगंज : हतरा गाव में पुलिस ने छापा मारकर एक घर में चल रहे अवैध स्लाटर हाउस का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से गौवंशीय पशु का वध कर रहे दो तस्करों को रंगे हाथ पकड़ा। साथ ही तीन पशुओं को भी बरामद किए हैं। पुलिस की इस छापामार कार्रवाई से गाव में हड़कंप मच गया। गिरफ्तार दोनों तस्करों के खिलाफ पुलिस ने गौवध व पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकद्दमा दर्ज किया है।
शासन-प्रशासन स्तर से प्रतिबंधित पशुओं के वध व उनकी तस्करी रोकने को लेकर पहले से ही सख्ती बरती जा रही है। नवागत एसओ भोलू सिंह भाटी रविवार तड़के करीब चार बजे हतरा गाव में छापा मारा। उन्होंने पुलिस बल के साथ एक घर में दबिश दी तो वहां पर वधशाला चलती मिली। दो तस्कर एक प्रतिबंधित पशु का वध कर रहे थे। पुलिस को देखते ही दोनों ने भागने की कोशिश की। लेकिन पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। उसी घर में तीन प्रतिबंधित पशु भी बंधे हुए पाए गए। पुलिस ने उनको बंधन मुक्त कराया। बाद में वध किए हुए पशु का चिकित्सीय परीक्षण कराया और फिर उसे दफना दिया गया। पुलिस की इस कार्यवाही से गाव में हड़कंप मचा रहा। जानकारी होने पर पुलिस के अफसरों ने भी मौका मुआयना किया। गिरफ्तार किए गए हतरा निवासी हारून पुत्र अहमद हुसैन व हनीफ पुत्र हबीब के खिलाफ पुलिस ने गौवध व पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
सैदपुर में नहीं मिली सफलता
वजीरगंज: हतरा गाव जाने से पहले पुलिस ने सैदपुर कस्बे में भी छापामारी की, लेकिन वहा कोई सफलता नहीं मिल पाई। लोगों ने बताया कि कुछ दिन पूर्व तक यहा रात में गौकशी की जाती थी, लेकिन एसओ भाटी के थाने में आने के बाद से गौकशी धंधे पर विराम लग गया है। बता दें कि सैदपुर समेत हतरा, उरैना आदि गाव गौकशी जैसे कारोबार के लिए बदनाम हैं। पुलिस की शह पर यहा चोरी छुपे धंधा चलता रहा है। हतरा में तत्कालीन एसओ अमरनाथ वर्मा ने भी गौकशी धंधे का पर्दाफाश किया था। लोगों का कहना है कि इसी तरह पुलिस की सख्ती बनी रही तो इलाके में चल रहा गैरकानूनी बंद हो जायेगा।
काम नहीं आई सिफारिश
वजीरगंज : हतरा में गौकशी के धंधे में गिरफ्तार किए गए लोगों को छुड़ाने को गाव के कुछ सत्ताधारी नेताओं का रौब जब काम न आया तो उन्होंने लेनदेन करके मामला रफा दफा करने का भी पूरा प्रयास किया। लेकिन एसओ ने किसी न सुनी और नियमानुसार कार्रवाई की।
- क्षेत्र में किसी भी सूरत में प्रतिबंधित कार्य नहीं होने दिए जाएंगे। गौकशी को लेकर किसी भी स्तर का दबाव स्वीकार्य नहीं होगा। ऐसा कुछ होता दिखे तो इसकी सूचना जरूर दें। यकीन रखें सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- भोलू सिंह भाटी, एसओ वजीरगंज