दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट में तरमीम हुआ केस
बदायूं : थाना क्षेत्र के गांव गोठा में तहेरे भाई से सौतेला पिता बने युवक ने नाबालिग छात्रा के साथ दु
बदायूं : थाना क्षेत्र के गांव गोठा में तहेरे भाई से सौतेला पिता बने युवक ने नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या कर देने की घिनौनी वारदात में अफसरों की सख्ती के बाद थाना पुलिस बैकफुट पर आ गई। पहले से हत्या की धाराओं में दर्ज केस को पुलिस ने दुष्कर्म समेत पॉक्सो एक्ट में तरमीम कर लिया है। वारदात की हकीकत जानने को एसएसपी भी बुधवार को घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने न सिर्फ मृतका की मां के बयान दर्ज किये, बल्कि ग्रामीणों से भी सच्चाई जानीं।
गांव गोठा निवासी राजकुमार की मौत के बाद उसकी विधवा पत्नी ममता ने अपने ही जेठ के बेटे अर्जुन से शादी कर ली और बच्चों समेत उसी के साथ रहने लगी। रविवार को ममता मायके गई थी। ममता घर पर अपनी 16 वर्षीय कक्षा नौ की छात्रा पुत्री प्रीति को कथित पति अर्जुन के पास छोड़ गई। सोमवार को उसकी नाबालिग बेटी घर में ही फंदे पर झूलती मिली। परिजन इस घटना को आत्महत्या बता रहे थे। यहां आई ममता ने शक की बुनियाद पर कथित पति पर ही बेटी की हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी। पुलिस ने हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम को भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा हुआ कि नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई। पुलिस उसके साथ दुष्कर्म की बात से सहमत नहीं थी। सुर्खियां बनने के बाद अफसरों की सख्ती को देख पुलिस ने हत्या के केस को दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में तरमीम कर दिया। बुधवार को एसएसपी सुनील सक्सेना ने गांव पहुंचकर मृतका की मां के बयान लेते हुए ग्रामीणों से भी पूछताछ की। हालांकि आरोपी अर्जुन पुलिस की हिरासत में ही है।