होली पर नहीं रहेगी पानी की किल्लत
बदायूं : शहर में होली पर पानी की किल्लत नहीं रहेगी। पालिका प्रशासन ने इसके लिए पूरे इंतजाम कर लिए है
बदायूं : शहर में होली पर पानी की किल्लत नहीं रहेगी। पालिका प्रशासन ने इसके लिए पूरे इंतजाम कर लिए हैं। सुबह साढ़े पांच से रात आठ बजे तक पानी सप्लाई दी जाएगी।
होली पर पानी की खपत सबसे ज्यादा होती है। हर बार इस दिन पानी के लिए जमकर मारामारी होती थी। इस बार पालिका प्रशासन ने लोगों को पानी की किल्लत का सामना न करना पड़े, इसके लिए पूरी तैयारिया पहले से ही कर लीं। तय समय पर सुबह साढ़े पांच बजे पानी की सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। सप्लाई के मुताबिक प्रत्येक व्यक्ति 35 लीटर की जगह 70 लीटर पानी दिया जाएगा। खास बात तो यह है कि पानी की सप्लाई बीच में बंद नहीं की जाएगी। सुबह से शुरू होने के बाद रात्रि आठ बजे तक पानी सुचारू रहेगा। पालिका प्रशासन का दावा है कि जिन इलाकों में पाइप लाइन लीकेज है उसे भी सही कराया गया है। पानी की किल्लत न हो, इसके लिए सप्लाई की मात्रा दोगुनी की गई है।
पानी की समस्या होने पर यहां करें शिकायत
शहर में होली पर पानी की व्यवस्था सुचारू रखने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। पालिका विभाग ने जलकल अभियंता को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी स्थान से कोई शिकायत नहीं आनी चाहिए। शिकायत होने पर 9456406367 पर शिकायत दर्ज कराएं, इसके तुरंत बाद समस्या का निपटारा करा दिया जाएगा।
'होली पर पानी की खपत दोगुनी होती है। ऐसे में लोगों को पानी की किल्लत से बचाने के लिए सप्लाई पूरे दिन रहेगी।
-एलके सक्सेना, ईओ