स्वास्थ्यकर्मी के घर सात लाख की चोरी
जासं, बदायूं : शहर में चोरों ने स्वास्थ्य कर्मी के बंद घर को निशाना बना लिया। चोर ताला तोड़कर घर में
जासं, बदायूं : शहर में चोरों ने स्वास्थ्य कर्मी के बंद घर को निशाना बना लिया। चोर ताला तोड़कर घर में रखे जेवरात समेत करीब सात लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर अपना ताला गेट पर लगा गए। घर वापस लौटने पर घटना की जानकारी हुई तो भुक्तभोगी के होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
मुहल्ला ब्राह्मपुर निवासी पुत्तू लाल जिला अस्पताल में कर्मचारी है। करीब चार दिन पहले उसके गांव चांड़पुर थाना भमोरा जिला बरेली में रह रही उसकी पत्नी की मौत हो गई। वह घर में ताला डालकर अपने गांव चला गया। इसी दौरान चोरों ने उसके घर का ताला तोड़कर घर में रखी एक लाख रुपये की नकदी, जेवरात समेत करीब सात लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर गेट पर अपना ताला डालकर चले गए। सोमवार को पुत्तू लाल गांव से लौटा तो गेट पर दूसरा ताला देखकर उसे कुछ शंका हुई। किसी तरह से ताला तोड़ने के बाद वह घर में दाखिल हुआ तो अंदर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। सूचना पर आस पड़ोस के तमाम लोग इकट्ठे हो गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर चोरों की तलाश शुरू कर दी। पुत्तू लाल ने बताया कि हाल ही में उसके बेटे की शादी है, इसलिए दुल्हन को करीब पांच लाख रुपये के जेवरात खरीदे गए थे। इसके अलावा एक लाख की नकदी और करीब एक लाख के करीब सामान था। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।