डकैतों ने राजमिस्त्री को गोली मारी
बदायूं : ककराला लंबे अर्से बाद फिर से नकाबपोश बदमाशों ने फिर से दस्तक दे दी है। शनिवार की रात आधा दर्जन बदमाशों ने एक घर में धावा बोल दिया। बदमाशों ने घर में सो रही महिला से जेवरात लूट लिए। चीखने चिल्लाने पर महिला का पति जाग गया और एक बदमाश को पकड़ लिया, तभी साथी बदमाशों ने गृह स्वामी को गोली मारकर अपने साथी को छुड़ा लिया। गोली लगने से गृह स्वामी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को बरेली ले जाया गया है।
शनिवार की रात वार्ड 24 में उसहैत रोड निवासी जमशेद के घर में आधा दर्जन बदमाश पड़ोसी के घर के सहारे घुस आए। जमशेद घर की छत पर सो रहा था, उसकी पत्नी नाजिश अपने बच्चों के साथ आंगन में सो रही थी। बदमाशों ने सबसे पहले नाजिश पर हमला बोल दिया। वह उसके गले में पड़ी सोने की चेन और झाले लूटकर ले जाने लगे। इसी बीच नाजिश ने शोर मचा दिया। शोर-शराबे पर जमशेद छत से नीचे उतर आया। पांच बदमाश घर के बाहर जा चुके थे, जबकि एक अंदर कमरे में अलमारी को खंगाल रहा था। जमशेद ने उस बदमाश को पकड़ लिया, वह उसके साथ मारपीट करने लगा। इसी दौरान बाहर खड़े बदमाशों ने देखा कि उनका साथी अंदर पकड़ लिया गया है। वह घर के अंदर घुसे तो जमशेद की उस बदमाश से गुत्थमगुत्था हो रही थी। बदमाशों ने अपने साथी को छुड़ाने के लिए जमशेद को गोली मार दी। गोली उसके सीने में लगी और वह तड़पता हुआ जमीन पर गिर पड़ा। बदमाश अपने साथी को लेकर फरार हो गए। चीख पुकार पर तमाम पड़ोसी घटना स्थल पर पहुंच गए। उन्होंने एसओ अलापुर के फोन पर घटना की जानकारी दी, लेकिन पुलिस घटनास्थल पर नहीं पहुंची। बाद में परिजन घायल को लेकर थाने पहुंचे, जहा घटना की तहरीर दी। तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। परिजनों ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे बरेली रेफर कर दिया गया।