भाजपा ने लगाया बूथ कैप्चरिंग का आरोप
बदायूं : भाजपा ने सपा नेताओं पर बूथ कैप्चरिंग कराने का आरोप लगाते हुए फैक्स के जरिए चुनाव आयोग से शिकायत की है।
भाजपा प्रत्याशी वागीश पाठक के चुनाव एजेंट अजीत कुमार वैश्य ने चुनाव आयोग को भेजी शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि सपा प्रत्याशी धर्मेद्र यादव गुन्नौर क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के साथ घूमते रहे। आरोप है कि प्रशासन द्वारा पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाया गया। कहने को तो बीएसएफ के जवानों की ड्यूटी लगी थी, लेकिन सपा नेताओं के अनुसार मतदान केंद्रों पर उनकी ड्यूटी लगाई गई थी। आरोप है कि दूसरे जनपदों के लोग भी बेरोकटोक घूमते दिखाई दिए। आरोप यह भी है कि गुन्नौर, बिसौली, बिल्सी व सहसवान क्षेत्र के 104 बूथों पर नाजायज वोट डलवाए गए। भाजपा ने चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग की है।
इनसेट ..
भाजपा के जिला महामंत्री ने कोतवाली में की शिकायत
शहर के क्रिश्चियन हायर सेकेंड्री स्कूल के बूथ पर हुए विवाद के मामले में भाजपा के जिला महामंत्री अशोक भारती ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि बूथ संख्या 112 व 113 पर सपा के कुछ लोग बूथ कैप्चरिंग कर रहे थे। भाजपा के पोलिंग एजेंट अशोक नारंग घबराए हुए थे। पूछने पर बताया कि सपा के लोगों ने उन्हें धमकी दी है। सीओ सिटी के पहुंचने पर वे लोग दूर चले गए। उन्होंने कार्रवाई की मांग की है।