बूथ पर गिरी बिजली, मची भगदड़
बदायूं : मतदान के दौरान शहर के एक बूथ पर आकाशीय बिजली गिरने से भगदड़ मच गई। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। सहसवान के एक गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई जबकि तीन लोग झुलस गए।
गुरुवार को मतदान के दौरान दोपहर में अचानक मौसम खराब हो गया। दातागंज तिराहा स्थित विज्ञानानंद रामनारायण वैदिक इंटर कालेज के बूथ पर मतदाता और सुरक्षा कर्मी मौजूद थे। अचानक आकाशीय बिजली परिसर में गिरी तो भगदड़ मच गई। मतदाता छुप गए तो सुरक्षा कर्मी भी सिहर गए। इससे कालेज के संस्थापक दरबारी लाल गर्ग की प्रतिमा क्षतिग्रस्त हो गई। यहां तैनात एक दारोगा का कहना था कि इतने करीब से पहली बार गिरते देखा। भगवान का शुक्र रहा कि कोई हताहत नहीं हुआ।
सहसवान : अचानक गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आकर गेहूं काट रही महिला की जलकर मौत हो गई। साथ ही तीन लोग झुलस कर घायल हो गये। जिनका प्राइवेट चिकित्सको के यहा उपचार कराया जा रहा है। सूचना पर तहसील प्रशासन भी मौके पर पहुंचा और मृतक के परिजनों को मुआवजा राशि दिलाये जाने का भरोसा दिलाया।
घटना दोपहर करीब एक बजे तहसील क्षेत्र के गाव बैरपुर मानपुर की है। संगीता (24) पत्नी सूखे निवासी गाव करियामई थाना जरीफनगर करीब दो दिन पूर्व अपने ननदोई चंद्रकेश के घर आई हुई थी। आज वह अपनी ननद और अन्य परिजनों के साथ खेत पर गेहूं काट रही थी तभी अचानक तेज गड़गड़ाहट के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। करंट की चपेट में आकर संगीता की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि उसकी ननद खजानश्री पत्नी चंद्रकेश, दिनेश पुत्र चंद्रकेश और कांता पुत्री रामवीर झुलस गए। आस पास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण दौडे़ और परिजनो को सूचना देने के साथ ही घायलो को प्राइवेट चिकित्सक के यहंा उपचार को ले गये। समाचार लिखे जाने तक घायलों का वहीं उपचार चल रहा था। ग्रामीणों का कहना था कि उन्होने एम्बुलेंस सेवा को भी फोन किया था, लेकिन व्यस्त होने के चलते वह नही पहुंच सकी। सूचना पर राजस्व निरीक्षक वीरेंद्र पाल और रामनाथ ने गाव पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया और तहसील प्रशासन को रिपोर्ट सौंप दी।