किशोरी के साथ दुष्कर्म
जागरण संवाददाता, बदायूं : खेत से लौट रही एक किशोरी के साथ एक युवक ने दुष्कर्म किया। पीड़िता घटना की शिकायत करने थाने पहुंची तो पुलिस ने मामूली घटना बताकर उसे थाने से टरका दिया।
थाना कादरचौक क्षेत्र के ग्राम कुड़ा शाहपुर निवासी एक 15 वर्षीय किशोरी गुरुवार शाम को खेत से घर लौट रही थी। रास्ते में एक युवक ने किशोरी को चाकू दिखाकर उसे गली में दबोच लिया। पीड़िता किशोरी के परिजनों का आरोप है कि आरोपी युवक ने किशोरी के साथ गली में दुष्कर्म किया। किशोरी की चीख पुकार सुनकर गली निवासी एक महिला अपने घर से बाहर निकलकर आई तो आरोपी युवक किशोरी को दबोचे हुआ था। महिला को देखकर युवक किशोरी को छोड़कर फरार हो गया। किशोरी ने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। पीड़िता और उसके परिजन घटना की शिकायत करने थाने पहुंचे तो पुलिस ने मामूली घटना बताकर उसे थाने से टरका दिया। शुक्रवार को पीड़िता और उसके परिजनों ने अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर थाना पुलिस की शिकयत कर आरोपी युवक के खिलाफ कार्यवाही की गुहार की है। परिजनों का आरोप है कि थाना पुलिस आरोपी युवक से आर्थिक समझौता कर घटना को रफा दफा करने में लगी है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर