सड़क हादसे में महिला सहित दो की मौत
जागरण संवाददाता, आजमगढ़ : जिले के कप्तानगंज व रानी की सराय क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर हुए सड़क हादसे
जागरण संवाददाता, आजमगढ़ : जिले के कप्तानगंज व रानी की सराय क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर हुए सड़क हादसे में महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई। कप्तानगंज क्षेत्र में शनिवार की सुबह गति अवरोधक पर बाइक का उछल जाना कई लोगों के साथ वाहन पर बैठी महिला की मौत का कारण बन गया वहीं रानी की सराय कस्बे में शुक्रवार की रात ट्रक से कुचलकर बाइक सवार पेंटर ने दम तोड़ दिया।
अहरौला प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के शंभूपुर ग्राम निवासी बुधिराम की ससुराल तहबरपुर थाना क्षेत्र के मेंढ़ी गांव में स्थित है। शुक्रवार को ससुराल में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए बुधिराम अपनी पत्नी पूनम (27) व दो बच्चों के साथ आया था। शनिवार की सुबह वह परिवार सहित वापस घर लौट रहा था। क्षेत्र के मंझारी बाजार में बुधिराम का मित्र बाइक लेकर मिल गया। मित्र ने बुधिराम व उसके परिवार को बाइक से घर छोड़ने की इच्छा जाहिर की। बुधिराम अपने मित्र की बाइक पर पत्नी व दोनों बच्चों के साथ सवार हो गया और सभी अहरौला के लिए चल पड़े। दिन के करीब 11 बजे सभी कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कुशमहरा गांव से गुजर रहे थे। तभी सड़क पर बने गति अवरोधक पर बाइक उछली और पीछे बैठी पूनम सड़क पर गिर पड़ी। सिर में घातक चोट लग जाने के कारण पूनम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बुधिराम पत्नी के शव के साथ रोते बिलखते घर पहुंचा। हादसे में मौत की जानकारी के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मच गया। दोपहर बाद मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया गया। रानी की सराय प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय कस्बे में एसबीआई शाखा के पास गुरुवार की रात करीब दस बजे बालू लदे ट्रक की चपेट में आ जाने से बाइक सवार पेंटर की मौत हो गई। शहर कोतवाली क्षेत्र के करतालपुर ग्राम निवासी 25 वर्षीय अन्नू गोंड पुत्र स्व. पुरुषोत्तम परिवार की आजीविका चलाने के लिए पें¨टग का कार्य करता था। शुक्रवार को वह क्षेत्र के बस्ती गांव निवासी जयराम सरोज के घर स्थित अपने मित्र की ससुराल आया था। देरशाम वह बाइक से किसी कार्यवश रानी की सराय कस्बा आया था। रात करीब दस बजे वह वापस मित्र की ससुराल जाते समय कस्बे में ही बालू लदे ट्रक की चपेट में आ गया। इस दुर्घटना में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक चार भाइयों में सबसे छोटा व अविवाहित था।