तूफानी बारिश ने ली वृद्धा की जान, कई जख्मी
जागरण संवाददाता, आजमगढ़ : जिले में शुक्रवार की देर रात अचानक आई तूफानी बारिश के कहर ने 80 वर्षीय वृद
जागरण संवाददाता, आजमगढ़ : जिले में शुक्रवार की देर रात अचानक आई तूफानी बारिश के कहर ने 80 वर्षीय वृद्धा की जान ले ली। कई लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। चक्रवाती बारिश के दौरान तमाम लोगों के आशियाने ध्वस्त हो गए। साथ ही लोगों की गृहस्थी भी बर्बाद हो गई। देररात जनपद में इस चक्रवाती बारिश के चलते चहुओर तबाही का मंजर सरीखा नजर आने लगा है।
जनपद में जहां आंधी के चलते सैकड़ों पेड़ धराशाई हो गए। इससे जगह-जगह जाम लग गया। वहीं विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। नगर क्षेत्र में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है।
दीदारगंज प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के चरौंवा गांव में देररात तकरीबन दो बजे अचानक आई आंधी व पानी के दौरान रिहाइशी मंडई ढह गई। इससे उसमें सोई 80 वर्षीया किशोरी देवी पत्नी स्वर्गीय बैजनाथ राम गंभीर रूप से घायल हो गईं। ग्रामीणों की मदद से किसी तरह मंडई हटाकर नीचे दबी वृद्धा को बाहर निकाला गया। उपचार के लिए घायल वृद्धा को फूलपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया जा रहा था कि रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मौत की सूचना गांव के प्रधान द्वारा दीदारगंज थाने को दी गई। शनिवार की सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तहसील प्रशासन को भी घटना की जानकारी दी गई लेकिन कोई अधिकारी व कर्मचारी शनिवार दोपहर तक मौके पर नहीं पहुंच सका था।
अहरौला प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के लेदौरा गांव में आंधी के दौरान सीमेंटेड चादर लगे मकान की दीवार ढह जाने से उसमें सो रहीं उर्मिला देवी (40) पत्नी महेंद्र यादव, पुत्र सुनील (18), भतीजा अर्जुन (10) मलबे में दबकर घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए स्थानीय सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने महिला की हालत गंभीर देख उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इसी थाना क्षेत्र के मड़ना गांव में रिहायशी मंडई पर नीम का पेड़ गिर जाने से मंडई में सोए सियाराम (46) पुत्र अनारसी गोंड, पत्नी रंजना (42) घायल हो गईं। गांववालों की मदद से घायल दंपत्ति को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया है।
चंडेश्वर प्रतिनिधि के अनुसार सिधारी थाना क्षेत्र के ममरखापुर गांव में देररात आंधी-पानी से नीम का पेड़ कच्चे मकान पर गिर पड़ा। इसमें जंगली, कैलाश व रामपलट तीनों भाइयों की पूरी गृहस्थी मलबे में दबकर नष्ट हो गई। इस परिवार के मुन्ना (28) पुत्र जंगली राम, 16 वर्षीय चंदन पुत्री कैलाशराम घायल हो गए। दोनों का इलाज स्थानीय स्तर पर चल रहा है।
जहानागंज प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र में आंधी व पानी ने भयंकर तबाही मचाई। स्थानीय बरहती जगदीशपुर गांव के मफिया हरजन बस्ती में रिहायशी मंडई की दीवार ढह जाने से 50 वर्षीय बहादुर पुत्र शुक्कल राम घायल हो गए। रामधनी के मकान पर लगी सीमेंट की चादर, बुधिराम हरिजन की मंडई भी तेज हवा के चलते उड़ गई। क्षेत्र के रोशनपुर ग्राम निवासी रूपेश प्रताप ¨सह के मकान पर लगा टीनशेड वाहन पर गिरा जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। जगह- जगह पेड़ व खंभों के गिर जाने से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित है।
मेंहनगर प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय नगर पंचायत के संतकबीर नगर वार्ड में तेज हवा व बारिस के चलते विद्युत पोल के गिर जाने से तख्त पर सोया 18 वर्षीय अनूप कुमार पुत्र शिवचंद घायल हो गया। वहीं बगल में सोई उसकी मां लाची देवी बाल-बाल बची। विद्युत पोल की चपेट में आने से अनूप के घर में दबी सीमेंट की चादर भी क्षतिग्रस्त हो गई।