पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, आजमगढ़ : रानी की सराय थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम पांच वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर
जागरण संवाददाता, आजमगढ़ : रानी की सराय थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम पांच वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने घटना के दूसरे दिन आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। मेडिकल जांच में बालिका के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में हुई प्रेसवार्ता के दौरान एसपी अजय साहनी ने घटना की जानकारी दी। बताया कि रानी की सराय थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली पांच वर्षीय बालिका गुरुवार की शाम घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला 18 वर्षीय युवक बालिका को बहला फुसलाकर एकांत में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म कर फरार हो गया। खून से लथपथ बालिका रोते हुए घर पहुंची। उसकी हालत देख परिजन अवाक रह गए। बालिका के बताने पर परिजन उसे लेकर रानी की सराय थाने पहुंचे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से खाली हुई पुलिस को जैसे ही घटना की जानकारी मिली उसके हाथ पांव फूल गए। रिपोर्ट दर्ज कर वह आरोपी युवक की तलाश में निकल पड़ी। इसी क्रम में आरोपी को शुक्रवार दिन में गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने बताया कि मेडिकल परीक्षण में पीड़िता के साथ दुष्कर्म की बात सामने आई है। गिरफ्तार आरोपी को भी एमएलसी के लिए जिला अस्पताल भेजा जा रहा है।