छेड़खानी के दो मामलों में पिता-पुत्र सहित चार नामजद
जागरण संवाददाता, आजमगढ़ : निजामाबाद व मेंहनगर थाने में रविवार को छेड़खानी के दो मामले पंजीकृत किए
जागरण संवाददाता, आजमगढ़ : निजामाबाद व मेंहनगर थाने में रविवार को छेड़खानी के दो मामले पंजीकृत किए गए। इन मामलों में पिता-पुत्र सहित चार लोगों को नामजद किया गया है।
निजामाबाद क्षेत्र की रहने वाली महिला ने गांव के ही इंद्रीश व उसके पुत्र सलीम के खिलाफ आरोप लगाया है कि विपक्षी पिता-पुत्र गत 15 मई की दोपहर उसकी किशोरवय पुत्री को बुरी नीयत से घर में खींच कर ले जाने लगे। विरोध करने पर उसकी पुत्री को मारा-पीटा गया और उसके कपड़े फाड़ डाले गए। मुकामी पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। इसी क्रम में मेंहनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति ने अपने गांव के अतुल सरोज व सनोज सरोज के खिलाफ युवा पुत्री के साथ छेड़खानी करने का आरोप लगाया है। पीड़ित व्यक्ति का आरोप है कि विपक्षियों ने घटना के संबंध में उलाहना देने पर जान-माल की धमकी दी। घटना गत शनिवार की रात हुई बताई गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घटना की जांच उपनिरीक्षक मिथिलेश तिवारी को सौंपी गई है।