सड़क हादसे में घायल पान विक्रेता सहित दो की मौत
जागरण संवाददाता, आजमगढ़ : दो स्थानों पर गुरुवार की शाम हुई मार्ग दुर्घटनाओं में घायल पान विक्रेता
जागरण संवाददाता, आजमगढ़ : दो स्थानों पर गुरुवार की शाम हुई मार्ग दुर्घटनाओं में घायल पान विक्रेता सहित दो लोगों की मौत हो गई। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं जहानागंज कस्बे में शुक्रवार की सुबह कार की चपेट में आकर बाइक सवार युवक घायल हो गया। भीरा प्रतिनिधि के अनुसार बरदह कस्बा निवासी 63 वर्षीय ओमप्रकाश राय उर्फ नन्हकू परिवार की आजीविका चलाने के लिए पान की दुकान करता था। गुरुवार की शाम वह घर से बाइक द्वारा बिलरियागंज क्षेत्र के चांदपुर पटवध स्थित अपनी ससुराल के लिए रवाना हुआ। बताते हैं कि शहर कोतवाली क्षेत्र में देरशाम हुई मार्ग दुर्घटना में वह घायल हो गया। पुलिस की मदद से घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में उपचाराधीन पान विक्रेता की रात करीब आठ बजे मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। उधर परिजन यह सोचकर शांत रहे कि रिश्तेदारी से वह सुबह लौटेंगे। मृतक के जेब से मिले कागजातों के आधार पर मौत की जानकारी पुलिस द्वारा परिजनों को दी गई। मौत की खबर पाते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन सूचना मिलते ही जिला अस्पताल के लिए रवाना हो गए। मृतक के दो पुत्र बताए गए हैं।
मेंहनगर प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के खरिहानी-मेंहनगर मार्ग पर उंटनी गांव के प्रवेश द्वार के समीप गुरुवार की देरशाम करीब सात बजे बाइक की चपेट में आ जाने से साइकिल सवार वृद्ध घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल का उपचार कराने के बाद घटना की जानकारी उसके परिजनों को दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने घायल वृद्ध को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। शुक्रवार की सुबह परिजन चिकित्सकीय सलाह पर घायल वृद्ध का बेहतर उपचार कराने के लिए शहर लेकर जा रहे थे कि रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मृतक बुद्धू चौहान (63) पुत्र विदेशी मेंहनगर क्षेत्र के बरवां सागर गांव का निवासी था। दुर्घटना के वक्त वह मेंहनगर बाजार से साइकिल द्वारा अपने घर लौट रहा था। मृतक के दो पुत्रियां बताई गई हैं। घटना के संबंध में मृतक की पुत्री पुष्पा देवी की ओर से अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
जहानागंज प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय कस्बे में ब्लाक मुख्यालय के समीप शुक्रवार की दोपहर करीब 1.30 बजे तेज रफ्तार अल्टोकार की चपेट में आ जाने से बाइक सवार युवक घायल हो गया। क्षेत्र के पुनर्जी ग्राम निवासी 25 वर्षीय संदीप पांडेय उर्फ अर्जुन पुत्र सूर्यप्रसाद पांडेय शुक्रवार को दिन में किसी कार्यवश स्थानीय डाकघर आया था। काम निपटाकर वह जैसे ही अपनी बाइक से घर के लिए रवाना हुआ चिरैयाकोट की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में घायल युवक को उपचार के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। चिकित्सक ने युवक की हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। दुर्घटना के लिए जिम्मेदार अल्टोकार चालक सहित पुलिस के कब्जे में बताई गई है।