मारपीट में घायल अधेड़ की मौत
फूलपुर (आजमगढ़) : क्षेत्र के लोधी का पूरा (बिरादर) गांव में शुक्रवार की शाम भूमि विवाद के चलते हु
फूलपुर (आजमगढ़) : क्षेत्र के लोधी का पूरा (बिरादर) गांव में शुक्रवार की शाम भूमि विवाद के चलते हुई मारपीट में घायल व्यक्ति की शनिवार को दिन में जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में तीन सगे भाइयों के खिलाफ फूलपुर कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
लोधी का पूरा ग्राम निवासी रामनयन यादव (54) पुत्र जद्दू यादव अविवाहित थे। उनका गांव के सिकंदर उर्फ सिकई यादव से भूमि का विवाद चल रहा था। इसी के चलते शुक्रवार की शाम दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। सिर में घातक चोट लगने के कारण घायल को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। उपचार के बाद चिकित्सक द्वारा छोड़ दिए जाने पर घायल को परिजन घर ले गए। शनिवार की सुबह अचानक हालत गंभीर हो जाने पर घायल रामनयन को आनन-फानन फूलपुर स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। चिकित्सक द्वारा रेफर कर दिए जाने पर घायल को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था कि रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। जानकारी होने पर पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। इस मामले में मृतक पक्ष द्वारा नामजद किए गए रवींद्र, हरिकेश व मुकेश पुत्रगण सिकंदर यादव के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।