छह माह की बच्ची का अपहरण, दो हिरासत में
आजमगढ़ : निजामाबाद थाना क्षेत्र के चकवारी गांव में शनिवार की सुबह दो युवकों ने मिलकर छह माह की अबोध
आजमगढ़ : निजामाबाद थाना क्षेत्र के चकवारी गांव में शनिवार की सुबह दो युवकों ने मिलकर छह माह की अबोध बच्ची का अपहरण कर लिया। अपहरण की सूचना से हड़कंप मच गया। घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस ने दोनों आरोपी युवकों को हिरासत में लेते हुए बच्ची को बरामद कर लिया। दोनों थाने में बैठाए गए हैं। ग्रामीण उनके खिलाफ कार्रवाई की जिद पर अड़े हुए हैं।
चकवारी गांव निवासी देवनरायन यादव की पुत्री पुष्पा कुछ समय से मायके में रहती है। शनिवार की सुबह करीब सात बजे पुष्पा अपनी छह माह की पुत्री के साथ घर के बाहर बैठी थी। आरोप है कि तभी गांव का एक व्यक्ति वहां पहुंचा और पुष्पा की पुत्री को गोद में लेकर खेलाने लगा। इसी दौरान पुष्पा किसी काम से घर में चली गई। जब वापस लौटी तब तक वह पुत्री के साथ गायब था। काफी खोजबीन के बाद उसका कहीं पता नहीं चला।
दोपहर बाद गांव के लोग उसे तलाश करते हुए जनईगंज बाजार पहुंचे तो वहां आरोपी घूमते हुए मिल गया। लोगों ने दबाव बनाया तो उसने बच्ची का ठिकाना बताया। इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान दूसरे आरोपी ने बताया कि उसने बच्ची को जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के इकडंगुआ गांव स्थित अपनी बुआ के घर रखा है।
इसके बाद पुलिस दोनों के साथ जीयनपुर गई और बच्ची को बरामद कर पुष्पा को सौंप दिया। आरोपी युवकों को थाने में बैठाया गया है।