घायल महिला ने तोड़ा दम
आजमगढ़: रानी की सराय थाना क्षेत्र के कोटवा के पास सोमवार की शाम पुत्र के साथ बाइक से घर लौट रही एक म
आजमगढ़: रानी की सराय थाना क्षेत्र के कोटवा के पास सोमवार की शाम पुत्र के साथ बाइक से घर लौट रही एक महिला चारपहिया वाहन के धक्के से घायल हो गयी। उपचारार्थ उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर देख चिकित्सक ने उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। वाराणसी ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गयी।
कंधरापुर थाना क्षेत्र के मीरिया गांव निवासी बृजबाला (55) पत्नी श्रीकांत राय सोमवार की शाम अपने पुत्र अभिषेक के साथ बाइक से घर लौट रही थी। रानी की सराय थाना क्षेत्र के कोटवा गांव के पास एक चारपहिया वाहन ने बाइक में पीछे से धक्का मार दिया। इस हादसे में बृजबाला गंभीर रुप से घायल हो गयी। उपचारार्थ उसे नरौली स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां हालत गंभीर देख चिकित्सक ने हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर वाराणसी जा रहे थे कि रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। मृतका दो पुत्र व दो पुत्रियों की मां थी।