पोखरे में डूबने से दो बालिकाओं की मौत
अमिलो (आजमगढ़) : मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बम्हौर गांव में पोखरे से काली मिट्टी निकालने गईं दो बालिक
अमिलो (आजमगढ़) : मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बम्हौर गांव में पोखरे से काली मिट्टी निकालने गईं दो बालिकाओं की डूबने से मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटनास्थल पर भारी संख्या में भीड़ जुट गई और दोनों बच्चियों के शव को बाहर निकाला गया।
गांव के पूर्वी छोर पर स्थित पोखरे से काली मिट्टी निकालने के लिए आठ-दस की संख्या में बच्चियां पोखरे पर गईं थी। उन बच्चियों में गांव के बालचंद विश्वकर्मा की पुत्री जानकी (14 वर्ष) तथा राजेश कन्नौजिया की पुत्री प्रियंका (8 वर्ष) भी शामिल थीं। सुबह करीब साढ़े दस बजे पोखरे से मिट्टी निकालते समय प्रियंका पोखरे में डूबने लगी। यह देख जानकी उसे बचाने गई और वह भी डूबने लगी।
इसके बाद जब तक साथ रही बच्चियां शोर मचातीं दोनों पानी में समा गईं। भागकर अन्य बच्चियां गांव में पहुंची और घटना की जानकारी लोगों को दी। लड़कियों के डूबने की खबर पाते ही गांव के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और पोखरे में उनकी तलाश शुरू हुई। आधे घंटे बाद दोनों के शव बरामद हो गए। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और परिजनों के आग्रह पर पंचनामा के बाद शवों को उन्हें सुपुर्द कर दिया।
इस घटना से गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। गमगीन माहौल में मृत बालिकाओं का अंतिम संस्कार कर दिया गया।