कोहरे ने थामा सूर्य रश्मियों का ताप
आजमगढ़ : अब तक के दिनों में सबसे ज्यादा ठंड महसूस हुई सोमवार को। दोपहर बाद धूप तो निकली लेकिन पवन दे
आजमगढ़ : अब तक के दिनों में सबसे ज्यादा ठंड महसूस हुई सोमवार को। दोपहर बाद धूप तो निकली लेकिन पवन देव के वेग के आगे भगवान भास्कर की कृपा बेमतलब साबित हुई। सुबह से शाम तक हर कोई कांपते नजर आया। इस दौरान नगर पालिका की ओर से अलाव जलाने का दावा तो किया जा रहा है लेकिन वह नाकाफी साबित हो रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में अभी भी अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है।
हर तरफ कोहरा और सर्द हवा के कारण गलन काफी बढ़ गई है। जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बहुत जरूरी न होने पर घर से निकलने की हिम्मत नहीं पड़ रही है। हालत यह कि घरों में बिना अलाव के रहना मुश्किल हो गया है। घरेलू अलाव में सैकड़ों कुंटल लकड़ी जल चुकी है।
आर्थिक स्थिति गरीब को अलाव जलाने की अनुमति नहीं दे रही है क्योंकि रोटी बनाने के लिए ही लकड़ी का इंतजाम मुश्किल होता है। ऐसे में अलाव के लिए लकड़ी का इंतजाम मुश्किल ही है।
हालाकि सोमवार को दिन में करीब एक बजे धूप खिलने पर लोग घरों से बाहर आए लेकिन सर्द हवाओं ने उन्हें वहा भी राहत नहीं लेने दी। रविवार की रात से कोहरे की घनी होती चादर सोमवार की सुबह तक तनी रही। सड़क पर निकले लोगों को जहा आग जलती मिल रही थी वहीं रुककर हाथ सेंक ले रहे थे। कोहरे का प्रकोप सोमवार को भी जारी रहा। सुबह-शाम ठंड से जहा लोग घरों में दुबक रहे वहीं घर से बाहर निकलने पर रास्ता दिखना मुश्किल था। दिन में भी वाहनों की हेडलाइट जलानी पड़ी।
रविवार की शाम से ही कोहरे की चादर तन गई थी। रात में तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक हो गया था। दिन में करीब 1 बजे धूप निकली। बदली और धूप के नाते न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि हुई। पाचवें दिन भी यह 10 डिग्री से नीचे ही रहा। दिन भर चली सर्द हवाओं के नाते अधिकतम तापमान 20 से घटकर 19 पर आ गया। यह औसत से 6 डिग्री कम रहा। पिछले छह दिनों में सबसे ज्यादा ठंड महसूस की गई।
विभाग ने 27 दिसंबर तक के मौसम के बारे में जो पूर्वानुमान जताया है उसके अनुसार न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे और गिरेगा। अगले कुछ दिनों में यह 7 डिग्री सेल्सियस या इससे कम पर आ सकता है। इसके उलट अधिकतम में मामूली वृद्धि होगी। पछुआं हवा शीतलहर का एहसास कराती रहेगी। इस दौरान अधिकतम 19-24 और न्यूनतम 7-9 के बीच तापमान रहेगा।
छह दिनों के तापमान का आंकड़ा :::::::::::
17 दिसंबर-12 डिग्री-25 डिग्री
18 दिसंबर-12 डिग्री-26 डिग्री
19 दिसंबर-10 डिग्री-24 डिग्री
20 दिसंबर-11 डिग्री-22 डिग्री
21 दिसंबर-9 डिग्री-20 डिग्री
22 दिसंबर-7 डिग्री-19 डिग्री
जबकि 22 दिसंबर 2013 को न्यूनतम 15 डिग्री तापमान था।