बेलइसा ओवरब्रिज के पास भी कूड़े का अंबार
आजमगढ़ : शहर में सफाई व्यवस्था में कुछ सुधार तो जरूर हुआ है लेकिन नगर पालिका सुधरने का नाम नहीं ले र
आजमगढ़ : शहर में सफाई व्यवस्था में कुछ सुधार तो जरूर हुआ है लेकिन नगर पालिका सुधरने का नाम नहीं ले रहा है। नगर पालिका के सफाई कर्मचारी कभी कूड़ा उठाते हैं तो कभी नहीं। हालात यह है कि शहर में कहीं भी कूड़े का ढेर लगा हुआ देख सकते हैं। नरौली से बवाली मोड़ पर सड़क के किनारे कूड़ा गिराया जा रहा है। इसकी वजह से इधर से गुजरने वाले यात्रियों की हालत बदतर हो गई है।
शहर में जाम की स्थिति को देखते हुए शासन की तरफ से बेलइसा पर ओवरब्रिज का निर्माण कराया गया। काफी जद्दोजेहद के बाद ओवरब्रिज चालू भी हो गया। अब बनारस, लखनऊ आदि क्षेत्रों में जाने वाली गाड़ियां इधर से ही गुजरती हैं। अब ओवरब्रिज के समीप ही कूड़े का अंबार लगा हुआ है। इस वजह से रेलवे जाने वाले यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कूड़े से उठ रही बदबू से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। नरौली से बवाली मोड़ जाने वाले बाईपास मार्ग पर नगर पालिका द्वारा तमसा के किनारे कूड़ा गिराया जा रहा है। इसकी वजह से कूड़े से उठ रही गंदगी से आम लोगों का इधर से गुजरना मुश्किल हो गया है। प्रतिदिन नगर पालिका के सफाईकर्मी कूड़ा ले जाकर तमसा के किनारे गिरा देते हैं। नरौली अस्थायी टैक्सी स्टैंड होने की वजह से भी यात्री हमेशा इधर से गुजरते हैं। वाहनों के इंतजार में कुछ क्षण इन्हें रूकना भी पड़ता है।