तैयारियां अंतिम दौर में, कल विघ्नेश्वर की पूजा
आजमगढ़ : महाराष्ट्र के प्रमुख पर्व गणेशोत्सव को लेकर अपने जिले में भी उत्साह कम नहीं दिख रहा है। इसकी तैयारियां अंतिम दौर में है। शहर के लालडिग्गी बांध स्थित बड़ा गणेश मंदिर में साफ-सफाई के बाद छोटे महंत संतोष मिश्र ने भगवान का श्रृंगार किया। मंदिर को पुष्प माला और झालर से सजाया जाएगा।
मंदिर के महंत राजेश मिश्र के अनुसार शुक्रवार को पूरा दिन मंदिर में गणेशोत्सव मनाया जाएगा। सुबह आठ बजे श्रृंगार, अभिषेक व हवन के बाद दर्शन एवं प्रसाद वितरण होगा। शाम को भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा।
उधर जिले में रहने वाले मराठा समाज ने भी कार्यक्रम को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
कार्यक्रम के आयोजक संजय भोसले ने बताया कि हर साल की तरह से शहर के दामोदर कटरे में प्रतिमा स्थापना के साथ पांच दिवसीय गणेशोत्सव शुरू होगा।
बता दें कि महाराष्ट्र में इस पर्व को काफी धूमधाम से मनाया जाता है लेकिन यहां पर रहने वाले मराठी समाज के लोग भी इस पर्व को नहीं भूलते। पंडाल के अलावा विभिन्न मोहल्लों में रहने वाले मराठी के घरों में भी प्रतिमा स्थापना की जाती है। घरों में भी पांच दिन तक पूजन-अर्चन किया जाता है। पंडाल व घरों में विद्वानों द्वारा भगवान गणेश की महिमा का पाठ किया जाता है जिसे सुनने के लिए आसपास के गैर मराठी भी पहुंचते हैं।