..और महिला के कहने पर कब्र खोदा
दीदारगंज (आजमगढ़) : दीदारगंज थाना क्षेत्र के पुष्पनगर चकिया गांव में उस समय अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त हो गया जब एक महिला यह कहकर अपने पति की कब्र की तरफ चल पड़ी कि उसका पति उसे कब्र से बुला रहा है। महिला को जाता देख गांव के लोग भी कब्रिस्तान की तरफ जुट गए। इसके बाद ग्रामीण ने कब्र खोदना शुरू कर दिया और बदबू आने पर उसे मिट्टी डालकर पाट दिया।
बता दें कि पुष्पनगर चकिया निवासी 28 वर्षीय संतोष पुत्र सूचित की बीते 23 जुलाई को बीमारी के कारण मौत हो गई थी। उसके शव को गांव के बगल स्थित कब्रिस्तान में 24 जुलाई को दफन किया गया था। सोमवार को शाम को चार बजे के करीब महिला यह कहने लगी कि उसका पति कब्र से बुला रहा है। वह कब्र में जिंदा है। वह निकालने के लिए कह रहा है।
ग्रामीणों ने काफी उसे समझाया लेकिन वह अपनी बात पर अडिग थी। ग्रामीणों के सहयोग न करने पर वह खुद फरसा लेकर कब्रिस्तान की तरफ निकल पड़ी। महिला को देख ग्रामीणों का रेला भी उसके पीछे लग गया। महिला जैसे ही कब्र खोदना शुरू की तो ग्रामीणों ने भी उसका सहयोग करने के लिए कब्र खोदना शुरू कर दिया। थोड़ी देर में लाश दिखने लगी और तेज बदबू उठी।
इसके बाद ग्रामीणों ने कब्र को मिट्टी से पाट दिया। इसकी चर्चा गांव सहित क्षेत्र में जबरदस्त ढंग से हो रही थी।