पीसीएस में चयन पर मेधा का सम्मान
आजमगढ़ : मां शारदा शिक्षण संस्थान शंभूपुर गहजी के तत्वावधान में शुक्रवार को रात्रि आठ बजे से देर रात तक मां शारदा स्नातकोत्तर महाविद्यालय शंभूपुर गहजी परिसर में गीतकार प्रभुनारायन पांडेय प्रेमी एवं लोक सेवा आयोग द्वारा चयनित अरुण कुमार यादव, आनंद सिंह, मनोज सिंह, शालिनी सिंह, कौस्तुभ सिंह को एक-एक शाल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि बलराम यादव मंत्री पंचायती राज उत्तर प्रदेश सरकार एवं विशिष्ट अतिथि को माल्यार्पण कर उन्हें शाल व स्मृति चिह्न प्रदान कर स्वागत किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया जो काफी आकर्षक था। मुख्य अतिथि बलराम यादव ने कहा कि पीसीएस में चयनित जनपद निवासी प्रतिभावानों का हर वर्ष फौजदार सिंह द्वारा सम्मान समारोह आयोजित कर सम्मानित किया जाता है। यह बड़ा ही महान कार्य है। इससे लोगों को प्रेरणा लेनी चाहिए। फौजदार सिंह ने सांप्रदायिक सद्भावना, राष्ट्रीयता, देशभक्ति की भावना का वातावरण बनाया। नौजवान ही देश को नई दिशा दे सकते हैं। उन्होंने प्राचार्य डा. दिवाकर सिंह की भी सराहना किया और कहा कि यह हमारे पुराने सहयोगी हैं। संस्थान के निदेशक संजय सिंह ने सभी अतिथियों को माल्यार्पण कर एवं सभी को एक-एक साल स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया। विधायक डा. संग्राम यादव ने क्षेत्र की जनता और संस्थान के सभी शिक्षकों व छात्र-छात्राओं का स्वागत किया। प्राचार्य डा. दिवाकर सिंह ने स्वागत भाषण किया। अध्यक्षता जयप्रकाश सिंह प्रधान, संयुक्त संचालन दिवाकर सिंह व हृदय नारायन सिंह ने किया।