किसानों के मसीहा थे चौधरी चरण सिंह
आजमगढ़ : राष्ट्रीय लोक दल द्वारा किसान मसीहा देश के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह का जन्मदिन सोमवार को मिठाई बांटकर मनाया गया। इसी उपलक्ष्य में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि चौधरी चरण सिंह किसानों के मसीहा थे।
गोष्ठी में महमूद खां ने कहा कि चौधरी साहब ने किसानों के हित के लिए अनेक कार्य किए। उनके शासनकाल में कर्मचारी समय से कार्यालय पहुंच जाया करते थे। भ्रष्टाचार का नामों निशान नहीं था। अफसर कहते थे कि चौधरी साहब का शासन है, वे कभी भी कहीं भी पहुंच सकते हैं। मगर आज के शासन में अफसर बेखौफ मनमानी कर रहे हैं। भ्रष्टाचार में डूबे हैं। सरेआम दीदारगंज बाजार में सराफा व्यवसायी की हत्या ने सपा सरकार की कलई खोल दी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में धान क्रय केंद्रों की हालत चिंताजनक है। कहीं धान की खरीद नहीं हो रही है।
किसानों को सस्ते दर पर बिचौलिए लूट रहे हैं। आज चौधरी चरण सिंह के रास्ते पर चलकर किसानों के सहुलियत के लिए संघर्ष की जरूरत है। धीरेन्द्र प्रताप ने कहा कि आज नहरों में पानी समय से नहीं मिल पा रहा है। सरकारी ट्यूबवेल कोई देखने वाला नहीं है। राजनीति में स्वच्छ छवि के लोगों का अभाव है। धान क्रय केन्द्रों पर खरीदारी बंद है। गन्ना किसानों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। प्रदेश सचिव राममिलन चौहान ने कहा कि चौधरी साहब नहरों की पटरियों पर रोड पास करने का कानून बनाया। पहले कोई किसान नहरों की पटरियों पर बैलगाड़ी या साइकिल पर चलता मिल गया, उस पर अर्थदंड मिलता था। चौधरी साहब ऐसा कानून समाप्त करने का कार्य किए। राष्ट्रीय लोक दल के वरिष्ठ नेता तेजबहादुर सिंह ने कहा कि स्व. चौधरी साहब गरीब किसानों के मसीहा थे। कार्यक्रम में जिला महामंत्री टीएन शास्त्री, तेज बहादुर सिंह, शारदानंद पांडेय, नीलू आजाद, अली अंसारी, अमित पाठक, मुशीर अहमद, टीएन शास्त्री, मोहम्मद सलीम, चंद्रमोहन, डा. दिलीप सिंह आदि उपस्थित थे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर