हर्ष फायरिंग में पांच घायल
अयाना,अंप्र : थाना क्षेत्र के गांव भासौन में शुक्रवार रात तिलक के दौरान हर्ष फायरिंग से पांच लोग घायल हो गये। रायफल से निकली गोली दीवार में लगी और गिट्टी छिटककर लगने से लोग घायल हो गये। एक को नाजुक हालत में सैफई रिफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक भासौन निवासी रविंद्र सिंह राजावत के पुत्र संदीप का शुक्रवार को तिलक था। जहानाबाद फतेहपुर से अभिलाख सिंह तिलक लेकर आये थे। कार्यक्रम के दौरान घर के बाहर किसी ने रायफल से फायर कर दी। रायफल से निकली गोली मकान की बाहरी दीवार की बीम में लगी। गोली लगने से आरसीसी की गिट्टी छिटकी और चबूतरे पर बैठे लोगों को जा लगी। गिट्टी लगने से रमेश पुत्र जगन्नाथ निवासी भासौन, लोटन पुत्र हरी सिंह निवासी रहटौली, गनेश सिंह तोमर पुत्र चतुर सिंह तोमर निवासी अरगल, राजा सिंह पुत्र बड़े सिंह व सुमित पुत्र जगदीश सिंह निवासी जगतपुर घायल हो गये। रमेश व लोटन को जिला अस्पताल लाया गया, जहां से लोटन को हालत नाजुक होने के चलते कानपुर रिफर किया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि लगुन चढ़ाने आये एक फौजी की रायफल से किसी ने फायर किया जिससे हादसा हुआ। किसी भी पक्ष की तरफ से अभी पुलिस को तहरीर नहीं दी गयी है।
रुक नहीं रही हर्ष फायरिंग
कानून के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद हर्ष फायरिंग पर रोक नहीं लग सकी है। इससे पहले मार्च में औरैया के निकट खानपुर में एक मुस्लिम परिवार में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में चली गोली से इटावा निवासी एक युवक की मौत हो गयी थी। अयाना थाना क्षेत्र में बीते पखवारे मई गांव में हर्ष फायरिंग से कन्या पक्ष के विष्णु विश्नोई गंभीर रूप से घायल हो गये थे, उपचार के लिए उन्हें जिला अस्पताल से कानपुर रिफर किया गया।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर