करंट लगने से मासूम की मौत
जागरण संवाददाता, औरैया : सहायल थाना क्षेत्र के गांव लहरापुर निवासी एक परिवार खेतों पर काम करने गया
जागरण संवाददाता, औरैया : सहायल थाना क्षेत्र के गांव लहरापुर निवासी एक परिवार खेतों पर काम करने गया था। घर पर उनका तीन वर्षीय पुत्र सो रहा था। इसी दौरान किसी तरह वह बिजली के करंट की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौत हो गई।
सहायल थाना क्षेत्र के गांव लहरापुर निवासी सत्यपाल व उनकी पत्नी खेतों में काम करने के लिए गये हुए थे। घर में उनका तीन वर्षीय पुत्र अंशू सो रहा था। घर में अकेला होने से वह सो कर उठ गया और पंखे के पास चला गया। वहां उसे पंखे से करंट लग गया। इससे वह वहीं पर झुलस कर गिर पड़ा। परिजन जब घर पहुंचे तो उसे बेहोश पड़ा देखा। इस पर वह परेशान होकर आनन फानन उसे लेकर सीएचसी पहुंचे। यहां पर चिकित्सकों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। अंशू के माता पिता का रो रो कर बुरा हाल था। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष डीपी ¨सह ने बताया कि बच्चा घर में अकेला था। करंट लग जाने से उसकी मौत हो गई। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद सही स्थिति पता चल सकेगी।
करंट लगने से युवक झुलसा
अजीतमल : अजीतमल कस्बे के मोहल्ला फिरोज नगर निवासी मोहन का 35 वर्षीय बेटा सोनू अपनी झोपड़ी में दोना बनाने वाली छोटी सी मशीन लगाये हुये है। गुरुवार को वह दो अन्य श्रमिकों के साथ दोना बना रहा था। तब तक बिजली चली गई। और वह मशीन से बने हुए दोने निकालने लगा। तभी फिर बिजली आ गई। इस दौरान मशीन में करंट आ गया।इससे वह करंट की चपेट में आकर झुलस गया। श्रमिकों ने लाइन काट दी। इससे वह बच गया। परिजनों ने अजीतमल में स्थित एक निजी अस्पताल में उसे भर्ती कराया।