कर्ज माफी में फंसे 63 हजार किसान
जागरण संवाददाता, औरैया : जनपद के किसान अगली फसल के लिए ऋण लेने को बैंकों के चक्कर लगा रहे हैं पर बैं
जागरण संवाददाता, औरैया : जनपद के किसान अगली फसल के लिए ऋण लेने को बैंकों के चक्कर लगा रहे हैं पर बैंक उनके किसान क्रेडिट कार्ड का नवीनीकरण नहीं कर रही हैं। उनका कहना है कि पुराना कर्ज अदा होने के बाद केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) का नवीनीकरण किया जा सकता है। इससे किसानों के सामने अगली फसल बोने की समस्या बनी हुई है।
प्रदेश सरकार ने किसानों का एक लाख तक कर्ज माफ करने की घोषणा की थी। किसानों के कर्ज माफ करने के लिए बैंकों ने एक लाख तक के 63 हजार 392 कर्जदारों की सूची बनाकर शासन को भेज दी थी पर अभी तक किसी का कर्ज माफ नहीं हो सका है। जनपद में करीब 70 हजार केसीसी धारक हैं। किसानों का कर्ज का धन जमा न होने से बैंकें केसीसी का नवीनीकरण नहीं कर रही हैं। इसके चलते किसानों को कर्ज भी नहीं मिल पा रहा है। किसान धन जमा नहीं कर रहे हैं कि यदि वह लोन अदा कर देंगे तो कर्जमाफी का लाभ नहीं मिलेगा। जेब में धन न होने और बैंकों के कर्ज न देने से किसानों के सामने गंभीर समस्या है। यदि जल्द धन की व्यवस्था नहीं हुई तो अगली फसल प्रभावित हो सकती है। वहीं एलडीएम दूधनाथ ने बताया कि जब तक किसान क्रेडिट कार्ड के कर्ज का भुगतान नहीं होगा तब तक उसका नवीनीकरण नहीं हो सकता। बिना नवीनीकरण के केसीसी पर कर्ज भी नहीं दिया जा सकता है। प्रदेश सरकार जब धन देगी तभी किसानों को कर्ज माफी का लाभ मिल सकेगा। जिन किसानों के केसीसी पर कर्ज नहीं है, उनका नवीनीकरण किया जा रहा है। नए केसीसी भी बनाए जा रहे हैं।