कर्मचारी से मांगी डेढ़ लाख की रंगादारी
जागरण संवाददाता, औरैया : फफूंद थाना क्षेत्र के गांव बनके पुरवा व परवाहा के बीच दो दबंगों ने गेल में
जागरण संवाददाता, औरैया : फफूंद थाना क्षेत्र के गांव बनके पुरवा व परवाहा के बीच दो दबंगों ने गेल में काम कर रही एक कंपनी के कर्मचारी को रोक कर उसे डेढ़ रुपये की रंगदारी मांगी। इस मामले में फफूंद थाने में कर्मचारी ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
हरियाणा के यमुना नगर निवासी भूषण बोहरा न्यूटेक इंडिया कंपनी के कर्मचारी हैं। उनकी कंपनी इन दिनों पाता स्थित गेल प्लांट में काम कर रही है। भूषण ने सोमवार को फफूंद थाने में दर्ज कराए मुकदमे में बताया कि 28 अप्रैल को वह काम करने के लिए पाता स्थित गेल प्लांट पर जा रहे थे। इसी दौरान परवाहा व बनके पुरवा के बीच पुलिया पर एक स्कार्पियो ने ओवर टेक कर उनकी कार को रोक लिया। इसके बाद दिबियापुर थाना क्षेत्र के गांव बैसुंधरा निवासी नेता मनीष यादव स्कार्पियो से उतरे और उनके पास आए। उसने कहा कि गाड़ी में नेताजी बैठे हैं उनसे बात कर लो। वह उन्हें कार से उतार कर स्कार्पियो तक ले गया और उसमें बैठा दिया। स्कार्पियो में ड्राइ¨वग सीट पर बैठे व्यक्ति ने अपना नाम गौरव यादव बताया। उसने कहा कि यहां काम करना है तो डेढ़ लाख रुपये शाम तक पहुंचा देना और कोई परेशान करे तो मेरा नाम बता देना। कंपनी के कर्मचारी भूषण बोहरा ने बताया कि इसके बाद से वह अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन कर रहा है। लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। उसने कंपनी के उच्चाधिकारियों को भी फोन किया। इसके बाद आरोपियों ने उनकी कंपनी के अन्य कर्मचारियों की गाड़ियों को रोक कर उनके साथ अभद्रता की। कहा कि आखिरी दिन है जल्द रुपये पहुंचा दिया जाये। फफूंद थाने में कथित भाजपा गौरव यादव व मनीष यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फफूंद थानाध्यक्ष अनिल पाण्डेय ने बताया कि रंगदारी मांगने की शिकायत आई थी। पीड़ित की तहरीर के आधार पर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश दिवाकर ने बताया कि गौरव यादव उनकी पार्टी के सदस्य भी नहीं हैं।