सूची से गायब नाम, कैसे करें मतदान
जागरण संवाददाता, औरैया : मतदाता सूची बेहतर बनाने को इसका पुनरीक्षण प्रशासन ने कराया। लोगों को शत
जागरण संवाददाता, औरैया :
मतदाता सूची बेहतर बनाने को इसका पुनरीक्षण प्रशासन ने कराया। लोगों को शत प्रतिशत मतदान के लिए जागरूक करने को लगातार प्रशासन व निजी संस्थाओं द्वारा मतदाता जागरूकता रैलियां निकाली जा रही हैं। इसके बावजूद दिबियापुर विधानसभा क्षेत्र के कखावतू गांव के दर्जनों लोगों के नाम मतदाता सूची से गायब होने से वह मतदान नहीं कर पाएंगे।
ग्रामीणों का आरोप है कि बूथ लेबल अधिकारी की लापरवाही या राजनैतिक साजिश से ऐसा हुआ है। इसके चलते वह लोग लोकतंत्र के महापर्व में भागेदारी नहीं कर पाएंगे। ग्रामीणों के अनुसार इस बात का खुलासा उस समय हुआ जब वहां के बूथ लेबल अधिकारी सभी ग्रामीणों को निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आम मतदाताओं की पर्चियां पहुंचाने गए। शुक्रवार को लोगों को पर्चियां दे दी गईं। इसके बाद भी गांव में दर्जनों लोगों को पर्चियां नहीं मिली। जानकारी करने पर पता चला कि मतदाता सूची में उनका नाम नहीं है। गांव निवासी सरोज, मोहर वती, नीतू, लौंगश्री, आशुतोष, सुशीला, रमाकांत, शिव कुमार, पप्पी, मोनू समेत दर्जनों ग्रामीणों के नाम सूची से गायब हैं। ग्रामीण मतदाता सूची से नाम कटने से भड़क गए। उन्होंने बीएलओ से इस संबंध में जानकारी मांगी तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत के चुनाव में मतदाता सूची में उनका नाम था। उन्होंने इस दौरान मतदान भी किया था। मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य के दौरान लापरवाही या राजनैतिक साजिश के चलते उनका नाम सूची से हटा दिया गया। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। बीएलओ सर्वेश कुमार का कहना है कि उन पर लगाए गए आरोप गलत हैं। उन्होंने अपना कार्य पूरी जिम्मेदारी से किया है। उनको नहीं पता कि कैसे लोगों के नाम सूची से गायब हो गए।