बजट के अभाव में खस्ताहाल पायका मैदान
औरैया, जागरण संवाददाता: जिला युवा कल्याण विभाग ने बीते वर्षों में ग्राम पायका केंद्र तो बनवा दिए, ले
औरैया, जागरण संवाददाता: जिला युवा कल्याण विभाग ने बीते वर्षों में ग्राम पायका केंद्र तो बनवा दिए, लेकिन अब बजट न मिलने और रखरखाव के अभाव में इनकी हालत खस्ता हो चुकी है। कई गांवों में लोगों ने इन मैदानों पर कब्जा कर लिया है। ककोर स्थित कलेक्ट्रट के बाहर पायका मैदान ही अपनी बदहाली पर रो रह है। जनपद में 95 ग्राम पायका और दो ब्लाक पायका मैदान हैं। इनके लिए अब बजट नहीं मिल रहा है। इससे इनकी देख रेख भी नहीं हो पा रही है। इसके चलते यह मैदान खस्ताहाल हो चुके हैं। कुछ मैदानों पर तो ग्रामीणों ने पशु बांधकर और कूड़ा डालकर कब्जा कर लिया है। जनपद के आलाधिकारियों की नजरों के सामने रहने वाला कलेक्ट्रेट के बाहर पायका मैदान की भी हालत ठीक नहीं है। बाउंड्रीवाल टूटी पड़ी है। वह भी ठीक नहीं हो पा रही है। वर्ष 2008-2009 में 45 ग्राम पायका और एक ब्लाक पायका मैदान, 2009-2010 में 36 ग्राम और एक ब्लाक पायका मैदान, 2010-2011 में 14 ग्राम पायका मैदान बनाए गए। इसी वर्ष सभी पायका मैदानों पर एक-एक क्रीडाश्री की नियुक्ति की गई। वर्ष 2011 से अब तक कोई नया पायका मैदान नहीं बनाया गया।
जिला युवा कल्याण अधिकारी विकास यादव ने बताया कि लंबे समय से बजट न आने से मैदान की देखरेख नहीं हो पा रही है। फिलहाल सभी पायका मैदानों को ग्राम पंचायतों को सौंप दिया गया है। यदि इनके लिए बजट मिलेगा तो मैदानों की हालत में सुधार कराया जाएगा। पूरे वर्ष में एक लाख 75 हजार रुपये खेलकूद के लिए मिले थे। इनसे सात ब्लाक स्तरीय और एक जिला स्तरीय प्रतियोगिता करा दी गई है।