अगवा किशोरी की हत्या कर शव पेड़ पर लटकाया
औरैया, जागरण संवाददाता: एरवाकटरा थाना क्षेत्र के गांव बरौना कलां के मजरा रमपुरा में एक किशोरी की अगव
औरैया, जागरण संवाददाता: एरवाकटरा थाना क्षेत्र के गांव बरौना कलां के मजरा रमपुरा में एक किशोरी की अगवा करने के बाद जला कर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद गुरुवार सुबह किशोरी का अधजला शव गांव के बाहर शीशम के पेड़ पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू की है।
गांव निवासी लवली (18) पुत्री बृजनंदन (दोनों परिवर्तित नाम) 20 व 21 सितंबर की रात लापता हो गई थी। वह घर की छत पर सो रही थी, लेकिन सुबह परिजनों ने देखा तो वह गायब थी। थाने में उसकी गुमशुदगी की सूचना दी गई थी। मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस किशोरी की तलाश कर रही थी। गुरुवार सुबह गांव के किसान खेतों की ओर गए तो वहां शीशम के पेड़ पर काफी ऊंचाई पर एक जली हुई लाश टंगी देखकर हड़कंप मच गया। अधजली लाश पेड़ पर टंगी होने की सूचना देखते ही देखते पूरे गांव में फैल गई और सैकड़ों लोग मौके पर एकत्र हो गए। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पर थानाध्यक्ष एरवाकटरा विनोद यादव फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। शव उतरवा कर शिनाख्त कराई गई तो उसकी पहचान लवली के रूप में हुई। परिजनों व ग्रामीणों का कहना है कि किशोरी को अगवा कर दुष्कर्म करने के बाद हत्या कर और तेजाब डालकर उसे जलाया गया। बाद में रात को शव पेड़ पर लटका दिया। परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की है। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक विपुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच की सही दिशा तय हो सकेगी। आरोपी कोई भी हो इस जघन्य हत्याकांड के लिए उसे बख्शा नहीं जाएगा।