कब्जे को लेकर दबंगों ने महिलाओं को धुना
अछल्दा (औरैया), संवाद सूत्र : ग्राम दलीपुर में देर शाम बाइक सवार आधा दर्जन दबंगों ने रोड किनारे प्ल
अछल्दा (औरैया), संवाद सूत्र : ग्राम दलीपुर में देर शाम बाइक सवार आधा दर्जन दबंगों ने रोड किनारे प्लाट में कब्जा करने की नीयत से ईटों को उखाड़ कर फेंक दिया। प्लाट मालिक ने जब इसका विरोध किया तो दबंगों ने बैनामा करवाये जाने का दावा किया। इससे कुपित दबंगों ने प्लाट मालिक की घर की महिलाओं के साथ मारपीट की। घटना के बाद से दबंग वहां से फरार हो गये। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
घटनाक्रम के अनुसार क्षेत्र के ग्राम दलीपुर निवासी मो. नासिर, निसार खां के सामने प्लाट पर क्षेत्र के ग्राम रूपपुर निवासी राजू यादव, मनिकपुर निवासी अशोक यादव व लाल यादव अपने कई साथियों के साथ प्लाट पर पहुंचे और नींव की ईटें उखाड़ने लगे। प्लाट मालिक के घर की महिलाओं ने जब इसका विरोध किया तो उन्होंने महिलाओं के साथ मारपीट की। पीड़ित महिलाओं ने बताया कि मारपीट के दौरान दबंगों ने उनके कपड़े तक फाड़ डाले। घटना के दौरान आसपास के लोग वहां एकत्रित हो गए। भीड़ जमा होते देख आरोपी वहां से फरार हो गए। पीड़ित महिलाओं ने थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी। सूचना पाकर थानाध्यक्ष शिव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पीड़ित नसीमन बेगम, जातून बेगम, रिहाना बेगम, नूरजहां, मुन्नी बेगम, सफीना बेगम व उनके परिजनों ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। वहां से पुलिस के जाने के बाद उक्त दबंगों ने देर रात फिर से पीड़ित महिलाओं के घर जाकर उनके साथ गाली गलौज की। परेशान महिलाएं पुन: पुलिस से मदद मांगने के लिए थाने पहुंचीं। तब पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दिया। थानाध्यक्ष शिवकुमार ने बताया कि तीन नामजद दबंगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उनको दबोचने के लिए छापेमारी कर रही है।