घोड़ियों पर चढ़ कांग्रेसियों ने की नारेबाजी
औरैया, जागरण संवाददाता : केंद्र सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ जिला कांग्रेस कमेटी ने शहर में ज
औरैया, जागरण संवाददाता : केंद्र सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ जिला कांग्रेस कमेटी ने शहर में जुलूस निकाल कर विरोध प्रदर्शन किया। जुलूस में चल रहे कांग्रेसी केंद्र सरकार पर किसान विरोधी होने के नारे लगा रहे थे। जुलूस शहर के प्रमुख बाजारों में भ्रमण करने के बाद शहीद पार्क चौराहे पर आकर समाप्त हो गया। घोड़ियों पर बैठे कांग्रेसी नारेबाजी कर रहे थे।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलेश दीक्षित की अगुवाई में स्थानीय नगरपालिका परिषद से निकला जुलूस में बड़ी संख्या में कांग्रेसी नेता मौजूद रहे। नगरपालिका परिषद से शुरू हुआ जुलूस सुभाष चौक, दिबियापुर रोड, पुरानी कलेक्ट्रेट, तहसील होता हुआ स्टेट बैंक तिराहे पर पहुंचा। वहां से नेविलगंज , बघाकटरा, मदार दरवाजा, पढ़ीन दरवाजा, बनारसीदास होता हुआ कचहरी रोड पहुंचा। इसके बाद जेसीज चौराहा होता हुआ तिलकनगर, नगरपालिका मार्केट के बाद सुभाष चौक पर आकर समाप्त हो गया। इस मौके पर उपस्थित प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री वीर प्रताप ¨सह ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जो किसान विरोधी भूमि अधिग्रहण बिल पास किए जाने की कोशिश की जा रही है। जिससे किसान बर्बादी की कगार पर पहुंच जाएगा। उन्होंने कहा कि वहीं केंद्र सरकार द्वारा कई जन विरोधी कार्य किए जा रहे हैं। हमें इसका करारा जवाब देना है। प्रदेश सचिव अनिल यादव ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लगातार मनमानी की जा रही है। जिसका कांग्रेस पुरजोर विरोध कर रही है, उनका कहना था कि जनता को भाजपा की असलियत बताना ही इस प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य है। कार्यक्रम को प्रदेश सचिव त्रिपुरेश त्रिपाठी ने भी संबोधित किया। जुलूस का प्रमुख आकर्षण आगे चल रही घोड़ियां थीं जिन पर कांग्रेसी नेता सवार थे। यह घोड़ियां नारों के साथ नृत्य करती हुई चल रही थी। वहीं जुलूस में दो दर्जन से अधिक वाहन भी साथ चल रहे थे। जुलूस में राम चन्द्र शुक्ला, राधाकांत त्रिपाठी, राम किशन चौबे, विशंभर दयाल त्रिपाठी, अंशु तिवारी, चन्द्र प्रकाश अवस्थी, नगर अध्यक्ष रामू पेंटर आदि उपस्थित रहे।