एसएसओ को बंधक बनाकर उठा ले गए विद्युत पोल
बिधूना( औरैया ), संवाद सहयोगी : जिले में अराजकता और दबंगों की मनमानी का क्या आलम है, इसका अंदाजा इसी
बिधूना( औरैया ), संवाद सहयोगी : जिले में अराजकता और दबंगों की मनमानी का क्या आलम है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कानून व्यवस्था को ताक पर रखकर दबंगों ने सोहनी पॉवर हाउस में जमा विद्युत पोल विभाग के एसएसओ को बंधक बनाकर जबरन उठा ले गए। विभागीय अधिकारियों ने तहरीर पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की है। घटना से विद्युत कर्मियों में आक्रोश है।
मालूम हो कि बीते पखवारे शाला सोहनी मार्ग पर 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के आधा दर्जन से अधिक निष्प्रयोज्य पोल उखाड़ लिए गए थे। लोगों को पता लगा कि आगामी प्रधानी चुनाव में वोटों की गणित सुधारने के लिए उक्त खंभे नगला धोबियान ले जाए गए है तो इसकी सूचना विभाग व प्रशासन के उच्चाधिकारियों को दी गई। इस मामले में बराहार निवासी अम्बरीश दीक्षित का नाम आया था। हालांकि तब सूचना मिलने पर पहुंचे प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों ने विद्युत खंभे जब्त कर सोहनी पॉवर हाउस में जमा करा दिए थे। कोतवाली में घटना की रिपोर्ट भी दर्ज करायी गयी थी। शनिवार को अम्बरीश दीक्षित अपने सहयोगियों के साथ देर रात सोहनी पॉवर हाउस में घुस गया और एसएसओ सर्वेश यादव को बंदूक दिखाकर बंधक बना लिया। आरोपी पॉवर हाउस में जमा चार पोल उठा ले गए। आरोपियों के जाने पर सर्वेश ने जानकारी उपखंड अधिकारी जितेंद्र कुमार राजपूत को दी। उपखंड अधिकारी ने घटना की लिखित तहरीर पुलिस को दी है। उन्होंने बताया कि नगला धोबियान में विद्युतीकरण के लिए इस्टीमेट पहले ही बना दिया गया है। दबंगों ने जिस तरह सरकारी संपत्ति को जबरन उठाया है, उसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। इस संबंध में कोतवाल आदित्य प्रकाश यादव ने बताया कि घटना से जुड़ी रिपोर्ट पहले ही दर्ज हो चुकी है। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।