श्रम सीकरों से हासिल किया मुकाम
दिबियापुर (औरैया), संवाद सूत्र : इंटरमीडिएट के परीक्षा परिणाम में जनपद में सर्वोच्च रहे गेल डीएवी के
दिबियापुर (औरैया), संवाद सूत्र : इंटरमीडिएट के परीक्षा परिणाम में जनपद में सर्वोच्च रहे गेल डीएवी के छात्र सत्यम का कहना है कि उन्होंने यह मुकाम कठिन परिश्रम से प्राप्त किया है। उनका कहना था कि जनपद में स्थान बनाने के लिए कड़ी मेहनत की है। 18 घंटे तक पढ़ाई करने के बाद ही यह मुकाम हासिल हो सका है। उनका कहना था कि पिता राजेश कुमार व माता कांती देवी का विशेष योगदान रहा। पढ़ाई के समय उन्हें कोई कठिनाई न हो, इसका माता पिता ने पूरी तौर से ध्यान रखा है। उनका मुख्य लक्ष्य वैज्ञानिक बनकर देश के लिए काम करने का है। उन्होंने छात्रों से कहा कि कड़ी मेहनत कर ही यह मुकाम हासिल किया जा सकता है।
दिन रात पढ़ाई की तो यहां पहुंचे
दिबियापुर (औरैया), संवाद सूत्र : एनटीपीसी स्थित सेंट जोसेफ की छात्रा शास्वती त्रिपाठी ने छात्रा वर्ग में 94 फीसद अंक प्राप्त कर छात्रा वर्ग में जनपद में स्थान बनाया है। उनका कहना है कि दिन रात पढ़ाई कर कठिन परिश्रम के बाद ही यह मुकाम हासिल हो पाया है। उनका कहना था कि उनका लक्ष्य सर्वोच्च स्थान बनाने का था। जिसे हासिल किया है। शास्वती का कहना था कि इसके लिए पिता आशुतोष त्रिपाठी व माता अनिला त्रिपाठी द्वारा भी विशेष सहयोग प्रदान किया गया और पढ़ाई में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसका भी दोनों लोगों ने ध्यान रखा। इनका भी कहना था कि उच्च शिक्षा प्राप्त कर सिविल सेवा के माध्यम से देश की सेवा करने का जज्बा है।